क्या आपको भी कोई कॉल या मैसेज पर देता है गाली-धमकी? इस धारा के तहत दर्ज कराएं शिकायत, होगी सख्त कार्रवाई
गाली देने वाले के खिलाफ केस दर्ज करें
Phone Call Harassment India: आज के डिजिटल ज़माने में मोबाइल ने लोगों से बातचीत करना तो आसान बना दिया है, लेकिन इसी वजह से फोन पर गाली-गलौज और धमकियां मिलने की परेशानियां भी काफी बढ़ गई हैं. अगर कोई आपको फोन पर डराता है या बुरा-भला कहता है, तो इसे बिल्कुल भी नज़रअंदाज़ न करें क्योंकि यह आपकी मानसिक शांति और सुरक्षा के लिए ठीक नहीं है. ऐसे हालात में घबराने के बजाय सावधान रहें और अपने कानूनी अधिकारों को समझें. याद रखें कि कानून में इस तरह की हरकतों को गंभीर अपराध माना गया है और ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का पूरा नियम है.
इस धारा के तहत केस दर्ज करवा सकते हैं
अगर कोई आपको फोन पर जान से मारने या किसी भी तरह का नुकसान पहुंचाने की धमकी देता है, तो यह एक जुर्म है. ऐसी स्थिति में आप पुलिस में जाकर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351 और 352 के तहत केस दर्ज करवा सकते हैं. आपकी शिकायत मिलते ही पुलिस मामले की छानबीन शुरू कर देती है और आरोपी पाए जाने पर उस व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाती है.
गाली-गलौज करने वाले के खिलाफ केस दर्ज कराएं
इसी तरह फोन पर गाली-गलौज करना या किसी की बेइज्जती करना भी कानून के खिलाफ है. भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 356 के मुताबिक, अगर कोई आपको जानबूझकर नीचा दिखाने या उकसाने की कोशिश करता है, तो आप उसके खिलाफ शिकायत कर सकते हैं. इसके अलावा अगर कोई व्यक्ति बार-बार फोन या मैसेज करके आपको तंग करता है, तो इसे ‘पीछा करना’ माना जाता है. BNS की धारा 78 के तहत यह एक गंभीर अपराध है जिसके लिए आरोपी को सजा हो सकती है.
ऐसे मामलों में क्या करें और क्या सबूत रखें?
ऐसे मामलों में सबसे जरूरी है कि आप ठोस सबूत जुटाएं, क्योंकि इनके बिना कानूनी कार्रवाई करना कठिन होता है. फोन पर मिली धमकियों की कॉल रिकॉर्डिंग, कॉल लॉग्स के स्क्रीनशॉट और मैसेज या वॉट्सऐप चैट को सुरक्षित रख लें, क्योंकि शिकायत के समय ये बहुत काम आते हैं. ऐसी स्थिति में घबराने के बजाय समझदारी से काम लें. पहले सबूतों का बैकअप लें और फिर उस नंबर को ब्लॉक कर दें. आप अपनी शिकायत पास के पुलिस स्टेशन, साइबर सेल या ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज करा सकते हैं. साथ ही महिलाएं मदद के लिए हेल्पलाइन नंबरों का सहारा भी ले सकती हैं.