Mule Account Scam: हर महीने 25 हजार रुपये कमाने का ऑफर पड़ सकता है भारी, साइबर ठग ऐसे लगा रहे चूना, जानिए कैसे बचें
Mule Account Scam: म्यूल अकाउंट ऐसे बैंक खाते होते हैं, जिनका इस्तेमाल साइबर अपराधी गलत तरीके से पैसों के लेन-देन के लिए करते हैं. ठग चोरी या ठगी से कमाए गए पैसे को इन खातों के जरिए इधर-उधर ट्रांसफर करते हैं, ताकि किसी को उन पर शक न हो.
सांकेतिक तस्वीर
Mule Account Scam: आजकल बहुत से लोगों के मोबाइल पर ऐसे मैसेज आते हैं, जिनमें घर बैठे हर महीने आसानी से 25 हजार रुपये कमाने का दावा किया जाता है. लेकिन असल में ये साइबर ठगों का जाल होता है. अपराधी लोगों को लालच देकर अपने झांसे में फंसाते हैं और फिर कुछ ही मिनटों में उनके बैंक खातों से पैसे गायब कर देते हैं. अगर आपके पास भी ऐसे मैसेज आते हैं, तो आपको बेहद सतर्क रहने की जरूरत है.
क्या होता है म्यूल अकाउंट?
म्यूल अकाउंट ऐसे बैंक खाते होते हैं, जिनका इस्तेमाल साइबर अपराधी गलत तरीके से पैसों के लेन-देन के लिए करते हैं. अपराधी ठगी से कमाए गए पैसे को इन खातों के जरिए इधर-उधर ट्रांसफर करते हैं, ताकि किसी को उन पर शक न हो. यही वजह है कि ऐसे मामलों में अपराधियों तक पहुंचना काफी मुश्किल हो जाता है.
कैसे लोगों को फंसाते हैं साइबर ठग?
- साइबर अपराधी सोशल मीडिया और टेलीग्राम ग्रुप्स पर ज्यादा कमाई के आकर्षक विज्ञापन डालते हैं.
- लोग जल्दी पैसा कमाने के लालच में आकर इन ऑफर्स पर भरोसा कर लेते हैं.
- कई बार वे अपनी बैंक डिटेल्स, यूपीआई जानकारी या दूसरी जरूरी जानकारी भी साझा कर देते हैं.
- इसके बाद ठग उनका बैंक अकाउंट खाली कर देते हैं और पीड़ित को बड़ा नुकसान उठाना पड़ता है.
कैसे करें खुद का बचाव?
- कभी भी किसी अनजान मैसेज या विज्ञापन पर तुरंत भरोसा न करें, खासकर जब उसमें कम मेहनत में ज्यादा पैसे कमाने की बात कही जाए.
- अपनी बैंकिंग जानकारी, इंटरनेट बैंकिंग पासवर्ड, यूपीआई पिन या सिम कार्ड से जुड़ी जानकारी किसी अजनबी के साथ शेयर न करें.
- इसके अलावा, फेक टेलीग्राम ग्रुप्स और अनजान लिंक से भी दूरी बनाकर रखें.
ठगी होने पर क्या करें?
- अगर आप गलती से किसी साइबर ठगी का शिकार हो जाते हैं, तो घबराएं नहीं.
- तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करके शिकायत दर्ज कराएं.
- सही समय पर शिकायत करने से नुकसान कम किया जा सकता है.
- हमेशा सावधान रहें क्योंकि आपकी सतर्कता ही आपको बड़े आर्थिक नुकसान से बचा सकती है.