ऑफर लेटर आया है? पहले जांच लें, ऑनबोर्डिंग के नाम पर बढ़ रहे हैं जॉब स्कैम
सांकेतिक तस्वीर
Job Scam: आज के समय में इंटरनेट ने हमारे कई काम आसान कर दिए हैं, लेकिन इसके साथ ही ऑनलाइन ठगी के मामले भी तेजी से बढ़ रहे हैं. साइबर अपराधी लोगों को धोखा देने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं, जिनमें नौकरी के नाम पर होने वाली ठगी भी शामिल है. नौकरी की तलाश कर रहे लोग अच्छी सैलरी और घर बैठे काम करने के आकर्षक ऑफर देखकर आसानी से इनके जाल में फंस जाते हैं.
अब ठग केवल फर्जी नौकरी के विज्ञापन ही नहीं डालते, बल्कि किसी बड़ी कंपनी के नाम से नकली ऑफर लेटर भेजकर ऑनबोर्डिंग और ट्रेनिंग की पूरी प्रक्रिया का दिखावा भी करते हैं. इस दौरान वे लोगों से निजी जानकारी और जरूरी दस्तावेज हासिल कर उन्हें आर्थिक नुकसान पहुंचाते हैं. गृह मंत्रालय के इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) ने भी लोगों को ऐसे जॉब स्कैम से सतर्क रहने की सलाह दी है.
कैसे होता है यह जॉब स्कैम?
- साइबर ठग लोगों को आकर्षक नौकरी के ऑफर भेजते हैं, जिनमें अच्छी सैलरी, वर्क फ्रॉम होम या तुरंत जॉइनिंग का लालच दिया जाता है.
- कई बार बिना किसी सही इंटरव्यू या चयन प्रक्रिया के ही उम्मीदवार को नौकरी मिलने का दावा किया जाता है.
- इसके बाद फर्जी रजिस्ट्रेशन फॉर्म, ऑनबोर्डिंग पोर्टल या ट्रेनिंग प्रक्रिया के नाम पर लोगों से उनकी निजी जानकारी मांगी जाती है.
- इस दौरान पैन कार्ड, बैंक खाते की जानकारी, आधार नंबर और अन्य जरूरी दस्तावेज भी मांगे जा सकते हैं.
- एक बार जानकारी मिलने के बाद ठग उसका गलत इस्तेमाल कर वित्तीय धोखाधड़ी या पहचान की चोरी जैसे अपराध कर सकते हैं.
इन बातों का रखें ध्यान
- अचानक मिलने वाले नौकरी के ऑफर पर तुरंत भरोसा न करें.
- किसी भी कंपनी को अपने पैन कार्ड, बैंक खाते या अन्य निजी दस्तावेज बिना जांच-पड़ताल के न भेजें.
- नौकरी देने वाली कंपनी की ऑफिशियल वेबसाइट, ईमेल आईडी और सोशल मीडिया प्रोफाइल की पुष्टि जरूर करें.
- यदि कोई कंपनी बहुत अधिक वेतन का वादा करे या तुरंत जॉइनिंग के लिए दबाव बनाए तो सतर्क हो जाएं.
- नौकरी से जुड़ी किसी भी जानकारी को कई स्रोतों से जांचने के बाद ही आगे बढ़ें.
ये भी पढ़ें-बिना शादी के होटल में रुकने वाले कपल हो जाएं सावधान! हो सकती है मुश्किल, जानें अधिकार और नियम
अगर ठगी का शिकार हो जाएं तो क्या करें?
- यदि आपके साथ या आपके किसी परिचित के साथ ऑनलाइन नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी होती है, तो बिना देरी किए इसकी शिकायत दर्ज कराएं.
- आप राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत कर सकते हैं या साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करके मदद ले सकते हैं.
- जितनी जल्दी शिकायत दर्ज होगी, पैसे और डेटा को सुरक्षित रखने की संभावना उतनी ही बढ़ जाएगी.