सिर्फ एक सेटिंग बदल कर गर्मी में मोबाइल को ब्लास्ट होने से बचा सकते हैं, जानें- कैसे गैजेट्स को रखें कूल
फ़ोन के ज़्यादा गरम होने से बचाव के उपाय
Phone Overheating Tips: गर्मियों का मौसम चल रहा है और देश भर में भारी गर्मी देखने को मिल रही है. दो दिन बाद नौतपा की शुरुआत होने वाली है, जिससे तापमान में और ज्यादा वृद्धि देखने को मिलेगी. वर्तमान में कई शहरों में तापमान 40 से 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है. ऐसे में शरीर के साथ-साथ इलेक्ट्रॉनिक आइटम्स जैसे मोबाइल और लैपटॉप का ध्यान रखना भी बहुत जरूरी है. गर्मियों में अक्सर बढ़ते तापमान के चलते मोबाइल और लैपटॉप ओवरहीट होने लगते हैं, जिससे उनके ब्लास्ट होने की संभावना बढ़ जाती है.
यह परेशानी तब और बढ़ जाती है, जब आप मोबाइल को लंबे समय तक इस्तेमाल करने के साथ-साथ चार्जिंग पर भी लगा देते हैं. ऐसे में आइए जानते हैं कुछ सरल उपायों और आसान सेटिंग्स के बारे में, जिनका इस्तेमाल कर आप अपने एंड्रॉइड और आईफोन दोनों मोबाइल्स को ओवरहीटिंग और ब्लास्ट होने से बचा सकते हैं, साथ ही खुद को भी सुरक्षित रख सकते हैं.
मोबाइल ओवरहीट की ये हो सकती हैं वजहें
- धूप में फोन रखने से वह गर्म हो जाता है.
- बंद गाड़ी में फोन भट्टी जैसा तपने लगता है.
- ज्यादा गेम खेलने से प्रोसेसर पर दबाव बढ़ता है.
- लंबे समय तक वीडियो रिकॉर्डिंग से फोन हीट होता है.
- कई ऐप्स एक साथ खुले रहने से फोन लगातार काम करता रहता है.
- कमजोर सिग्नल में फोन नेटवर्क ढूंढते-ढूंढते गर्म हो जाता है.
- फास्ट चार्जिंग के दौरान फोन इस्तेमाल करने से हीटिंग बढ़ जाती है.
- खराब चार्जर या केबल फोन को ज्यादा गर्म कर सकते हैं.
- मेमोरी फुल होने पर फोन को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है
किन बातों का ध्यान रखें?
- जब फोन चार्ज हो रहा हो, तब उसका इस्तेमाल बिल्कुल न करें.
- फोन ज्यादा गर्म होने पर उसका भारी या मोटा बैक कवर तुरंत हटा दें.
- जो ऐप्स इस्तेमाल में नहीं हैं, उन्हें बैकग्राउंड से पूरी तरह बंद कर दें.
- नेटवर्क कमजोर होने पर मोबाइल डेटा को बंद रखना ही समझदारी है.
- फोन को ठंडा करने के लिए कभी भी फ्रिज या बर्फ के पास न रखें.
- फोन की स्टोरेज को खाली रखें ताकि उस पर ज्यादा दबाव न पड़े.
एंड्रॉइड फोन के लिए क्या करें?
- ब्लूटूथ और वाई-फाई स्कैनिंग बंद रखें, नहीं फोन पीछे से लगातार सर्च करता रहता है.
- जिन ऐप्स की जरूरत नहीं, उनकी लोकेशन और माइक्रोफोन परमिशन तुरंत बंद करें.
- भीषण गर्मी में फास्ट चार्जिंग ऑफ रखें, इससे फोन कम गर्म होगा.
- 120Hz की जगह 60Hz रिफ्रेश रेट चुनें, बैटरी और प्रोसेसर दोनों पर लोड घटेगा.
- बैकग्राउंड में चल रही सर्विसेज बंद करें, इससे फोन ज्यादा स्मूद और कूल रहेगा.
- ऐप्स और सिस्टम को हमेशा अपडेट रखें, ताकि बग्स और हीटिंग की समस्या कम हो.
ये भी पढ़ें-क्या आपका AC भी देर से कमरे को कर रहा ठंडा? ये 5 बड़ी वजह हो सकती हैं, तुरंत करा लें ठीक
iOS फोन के लिए ये करें
- लो पावर मोड चालू करें: सबसे पहले सेटिंग्स में ‘Battery’ पर जाएं और ‘Low Power Mode’ ऑन कर दें ताकि बैटरी और बैकग्राउंड ऐप्स कम चलें.
- बैकग्राउंड ऐप रिफ्रेश बंद करें: सेटिंग्स में ‘General’ के अंदर ‘Background App Refresh’ को पूरी तरह बंद कर दें या सिर्फ जरूरी ऐप्स के लिए रखें.
- लोकेशन बंद या सीमित करें: सेटिंग्स में ‘Privacy & Security’ में जाकर ‘Location Services’ को बंद करें या ऐप्स के लिए ‘While Using’ सेट करें.
- एनिमेशन कम करें: सेटिंग्स में ‘Accessibility’ के अंदर ‘Motion’ पर जाएं और ‘Reduce Motion’ वाले बटन को चालू कर दें.