हमीरपुर में 3 साल की मासूम से दरिंदगी और हत्या के आरोपी से पुलिस मुठभेड़, दोनों पैरों में लगी गोली
हमीरपुर एसपी अरविंद वर्मा
Hamirpur News: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के मुस्करा थाना इलाके में तीन साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले में पुलिस की आरोपी से मुठभेड़ हो गई. पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल पर साक्ष्य संकलन के लिए ले जाते समय आरोपी ने छिपाकर रखे गए तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में आरोपी हीरालाल के दोनों पैरों में गोली लगी है. घायल आरोपी को पहले सीएचसी मुस्करा ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. वहीं मासूम की हत्या के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव करते हुए राठ सीओ समेत कई पुलिस वाहनों के शीशे तोड़ दिए थे.
पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश
हमीरपुर के मुस्करा कस्बे में तीन साल की मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी और हत्या के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी हीरालाल को गिरफ्तार किया था. एक नवंबर को बच्ची का शव मिलने के बाद उसके पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया. मामले के खुलासे के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया था. पुलिस आरोपी से पूछताछ के बाद साक्ष्य संकलन के लिए उसे घटनास्थल पर लेकर जा रही थी तभी आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी थी.
जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में लगी गोली
पुलिस के अनुसार, इसी दौरान आरोपी ने पहले से छिपाकर रखे गए अवैध तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लग गई. घायल आरोपी को तत्काल सीएचसी मुस्करा ले जाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है.
ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
वहीं मासूम की हत्या के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया था. गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया और पथराव कर पुलिस की कई गाड़ियों को क्षतिग्रस्त कर दिया था. इस दौरान सीओ राठ की गाड़ी समेत कई पुलिस वाहनों के शीशे टूट गए थे. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने स्थिति संभाली. अब आरोपी की गिरफ्तारी और मुठभेड़ के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
ये भी पढ़ें- हमीरपुर: 12 साल की मासूम से दुष्कर्म मामले में 4 आरोपियों को हुई उम्रकैद, 82 हजार रुपये जुर्माना
पुलिस की कार्रवाई जारी
हमीरपुर पुलिस अधीक्षक अरविंद वर्मा ने बताया कि तीन साल की मासूम की हत्या के मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है. मुठभेड़ में घायल आरोपी का इलाज कराया जा रहा है और पुलिस मामले से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.