मुस्लिम होने की वजह से सिराज को नहीं मिली जगह… कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के बयान पर मची हलचल
इमरान मसूद ने मोहम्मद सिराज पर दिया बयान
Siraj Dropped Controversy: भारत और न्यूजीलैंड के बीच वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिलने का मामला अब राजनीतिक विवाद में तब्दील हो गया है. कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने हाल ही में सिराज को टीम से बाहर रखने के फैसले पर सवाल उठाए हैं. मसूद का मानना है कि मुस्लिम होने की वजह से सिराज को टीम में जगह नहीं मिली. उनके इस बयान के बाद क्रिकेट और राजनीति गलियारों में चर्चा तेज हो गई.
सिराज को लेकर क्या बोले इमरान मसूद?
न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच की प्लेइंग इलेवन में भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को जगह नहीं मिली है. मैनेजमेंट के इस फैसले पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि उनका नाम ‘सिराज’ है, और शायद इसी वजह से उन्हें टीम में जगह नहीं मिली. अगर शानदार प्रदर्शन करने के बावजूद भी आप उन्हें टीम में नहीं चुन रहे हैं, तो यह भेदभाव है.
#WATCH | Delhi: On Cricketer Mohammed Siraj, Congress MP Imran Masood says, "It is being said that despite his good performance, he was not given a place in the team. His name is ‘Siraj ‘, and that is why he was not given a place. If you are not selecting him despite his good performance, the discrimination is clear."
— ANI (@ANI) November 20, 2026
गौरतलब है कि मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC 2025-27) चक्र में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट मोहम्मद सिराज ने लिए हैं. उन्होंने इस चक्र में अब तक खेले गए 11 मैचों की 21 पारियों में 43 विकेट लिए हैं. बावजूद इसके उन्हें प्लेइंग इलवेन में जगह नहीं दी गई.
रवि शास्त्री ने भी जताई थी नाराजगी
पहले टेस्ट मैच की प्लेइंग इलवेन से भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को बाहर रखने के फैसले पर पूर्व कोच रवि शास्त्री ने नाराजगी जताई थी. उन्होंने टीम मैनेजमेंट को आड़े हाथ लेते हुए इसे खराब चयन फैसला करार दिया. उन्होंने कहा कि इतने अहम टेस्ट मैच में सिराज जैसे अनुभवी गेंदबाज को बाहर बैठाना समझ से परे है. एक्स पर अपने एक पोस्ट में उन्होंने लिखा कि यदि गति, कौशल और सीम मूवमेंट मापदंड थे और 140 किमी/घंटा की रफ्तार हासिल करना मुश्किल था, तो सिराज को लेकर सवाल तो बनता है.
गावस्कर ने भी उठाए सवाल
वहीं, पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने भी सिराज को बाहर किए जाने के फैसले पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि सिराज ने भारत को कभी निराश नहीं किया. उन्होंने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा कि टीम में सिराज को न देखकर उन्हें निराशा हुई. सिराज ने हमेशा आगे बढ़कर भारतीय टीम के लिए बेहतरीन प्रदर्शन किया है और उन्हें मौका मिलना चाहिए था.
बता दें, इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई टेस्ट सीरीज में मोहम्मद सिराज ने जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी में भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई करते हुए शानदार प्रदर्शन किया था.


