“करवा देंगे नहीं, करवा दीजिए, कमीशन दें तो काम…”, 13 साल के बच्चे ने DM से किए सवाल, Video
लखीमपुर खीरी में कलेक्टर से सवाल पूछते 13 साल के बच्चे का वीडियो वायरल
Lakhimpur Kheri: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. जिसमें एक 13 साल का लड़का कलेक्टर के सामने बेबाक अंदाज में बातचीत कर अपनी समस्या रख रहा है. बच्चे के सवालों को सुनते ही खुद कलेक्टर अंजनी कुमार सिंह मुस्कुराते नजर आए. पढ़ें बच्चे ने कलेक्टर से क्या सवाल किए.
जानकारी के अनुसार, यह वीडियो जिले में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान का है. जहां 8वीं में पढ़ने वाले 13 साल का एक लड़का अपनी पारिवारिक समस्याओं को लेकर पहुंचा था. बच्चे ने बताया कि उसके पिता मानसिक रूप से बीमार हैं और उसकी मां घरों में काम करके परिवार का खर्च चलाती हैं. पैतृक आवास के आधे हिस्से पर रिश्ते की ताई ने कब्जा कर लिया है. इसकी शिकायत कई बार की जा चुकी है, लेकिन कोई सुनने को तैयार ही नहीं है.
"करवा देंगे नहीं, करवा दीजिए"
— Sachin Gupta (@Sachingupta) July 18, 2026
13 साल के बच्चे की बेबाकी देखिए, कैसे वो DM के सामने अपनी बात रख रहा है। बच्चे के माँ–बाप के हिस्से वाले मकान पर उसकी ताई ने ताला लगा दिया है। उसे खुलवाने के लिए बच्चा आया है। मामला UP के जिला लखीमपुर खीरी का है। pic.twitter.com/kXHh22xTjt
अधिकारियों से पूछे सवाल
जब कलेक्टर के सामने बच्चे ने शिकायत की, तो इस दौरान एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि करवा देंगे. यह सुनते ही बच्चे ने जो जवाब दिया. उसे सुनकर सब हैरान रह गए. बच्चे ने कहा, “करवा देंगे नहीं, करवा दीजिए. आप लोगों को तो बस कमीशन चाहिए. कमीशन दे दो, फिर काम हो जाता है.” बच्चे ने अधिकारियों के सामने अपने घर का ताला खुलवाने की मांग की. उसने बताया कि अगर हमारे घर का कब्जा हमें मिल जाएगा, तो उस घर को किराए पर दे देंगे. उस पैसे से हमारी पढ़ाई का खर्च निकल आएगा.
ये भी पढ़ेंः पतियों की मौत का नया ‘क्राइम ट्रेंड’! मेरठ में प्रेमी संग जहरीले सांप से कराई हत्या, जांच में खुला खौफनाक राज
अधिकारियों ने बच्चे को दी समझाइश
अधिकारियों ने बच्चे की बात को सुनकर मुस्कुराए और फिर बोले कि इतनी छोटी उम्र में पढ़ाई पर ध्यान देना चाहिए, ज्यादा नहीं बोलना चाहिए. यह सुनते ही बच्चा फिर सवाल करने लगा और कहा कि केवल पढ़ाई की सलाह देने से काम नहीं चलेगा, क्योंकि हमारे घर की आर्थिक स्थिति काफी खराब है. हमारी पढ़ाई का खर्च तक उठाना मुश्किल है. हालांकि, इस शिकायत के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम बच्चे के घर पहुंची थी. प्रशासन ने इस मामले को लेकर बताया कि शिकायत के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.