यूपी चुनाव की तैयारी में जुटी बीजेपी, अमित शाह खुद संभालेंगे मोर्चा; कमजोर सीटों पर रहेगा खास फोकस
UP Assembly elections 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अभी समय है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियों को तेज कर दिया है. पार्टी नेतृत्व इस बार कोई जोखिम लेने के मूड में नहीं है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जल्द ही प्रदेश के सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों का दौरा कर सकते हैं. इस दौरान वे संगठन की तैयारियों की समीक्षा करेंगे, कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे और चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुटेंगे.
सूत्रों के मुताबिक बीजेपी ने 2022 विधानसभा चुनाव के नतीजों का गहन विश्लेषण शुरू कर दिया है. जिन सीटों पर पार्टी हार गई थी या बहुत कम अंतर से जीत दर्ज कर पाई थी, उन्हें विशेष श्रेणियों में बांटकर अलग-अलग रणनीति बनाई जा रही है.
खासतौर पर उन सीटों पर अधिक ध्यान दिया जा रहा है जहां जीत और हार का अंतर कुछ हजार वोटों का ही था. पार्टी का मानना है कि बेहतर बूथ प्रबंधन और मजबूत संगठन के दम पर इन सीटों का परिणाम बदला जा सकता है.
किन सीटों पर रहने वाली है बीजेपी की नजर
बीजेपी की नजर उन 61 विधानसभा सीटों पर भी है, जहां पिछले तीन चुनावों में पार्टी जीत हासिल नहीं कर सकी.0 इन इलाकों में जातीय समीकरण, बूथ स्तर की स्थिति, सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों तक पहुंच और संभावित उम्मीदवारों का नए सिरे से आकलन किया जाएगा. उद्देश्य यह है कि लंबे समय से कमजोर मानी जा रही सीटों पर भी पार्टी अपनी पकड़ मजबूत कर सके.
चुनाव में किन नेताओं को दिया जा सकता है टिकट
उम्मीदवारों के चयन को लेकर भी पार्टी का रुख पहले से ज्यादा सख्त बताया जा रहा है. कई बार चुनाव लड़ चुके नेताओं के प्रदर्शन की समीक्षा की जा रही है. सिर्फ वरिष्ठता या पुराने राजनीतिक अनुभव के आधार पर टिकट तय नहीं होगा, बल्कि जीतने की क्षमता, बूथ स्तर पर प्रभाव और संगठन में सक्रियता जैसे पहलुओं को अहम माना जाएगा.
हालांकि बीजेपी के सामने चुनौतियां भी कम नहीं हैं. 2024 के लोकसभा चुनाव में मिले झटके, कुछ विवादित मुद्दे और विपक्ष की बढ़ती सक्रियता को देखते हुए पार्टी कोई ढिलाई नहीं बरतना चाहती है. दूसरी ओर समाजवादी पार्टी भी चुनावी अभियान को धार देने की तैयारी में जुटी है. ऐसे में उत्तर प्रदेश का आगामी विधानसभा चुनाव एक बार फिर बेहद दिलचस्प और कड़ा मुकाबला बनने की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है.
ये भी पढ़ें:जंतर-मंतर पर फिर बवाल! अभिजीत दीपके पर फेंकी स्याही, CJP फाउंडर का अब आया रिएक्शन