बीजिंग में ट्रंप और जिनपिंग की मुलाकात, ताइवान और ईरान मुद्दे पर हुई बात, 2 घंटे चली सीक्रेट मीटिंग
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति जिनपिंग
Trump China Visit: अमेरिका और चीन के बीच लंबे समय से चल रहे तनाव के बीच बीजिंग में हुई डोनाल्ड ट्रंप और शी जिनपिंग की मुलाकात ने दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. दोनों देशों के रिश्तों में पिछले कुछ सालों से व्यापार, टेक्नोलॉजी, ताइवान और वैश्विक सुरक्षा जैसे मुद्दों पर लगातार खींचतान रही है, लेकिन अब दोनों नेताओं ने बातचीत के जरिए हालात संभालने की कोशिश शुरू की है.
इस मुलाकात में सबसे बड़ा फोकस व्यापार समझौतों पर रहा है. अमेरिका चाहता है कि चीन अमेरिकी कंपनियों और उत्पादों के लिए अपने बाजार के दरवाजे और ज्यादा खोले. वहीं चीन भी चाहता है कि उस पर लगे कुछ प्रतिबंध और टैरिफ कम किए जाएं.
खबरों के मुताबिक बोइंग विमान खरीद को लेकर भी बातचीत हुई, जिसे दोनों देशों के बीच आर्थिक रिश्तों को सुधारने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है.
दुनिया की नजर में यह मुलाकात
इस बैठक से सिर्फ अमेरिका और चीन ही नहीं, बल्कि दुनिया के कई देशों की चिंता भी बढ़ गई है. ताइवान को लेकर चीन ने अमेरिका को साफ संदेश दिया है कि अगर वॉशिंगटन ने इस मुद्दे पर ज्यादा दखल दिया तो हालात खतरनाक हो सकते हैं. जापान, दक्षिण कोरिया, ताइवान, फिलीपींस और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों की नजरें भी इस बैठक पर टिकी रहीं, क्योंकि इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में चीन की बढ़ती ताकत इन देशों के लिए रणनीतिक चुनौती बन चुकी है.
अमेरिका ईरान से क्या चाहता है?
ईरान युद्ध और वैश्विक तेल संकट का मुद्दा भी बातचीत में प्रमुख रहा है. अमेरिका चाहता है कि चीन ईरान पर दबाव बनाए ताकि पश्चिम एशिया में तनाव कम हो सके. दूसरी तरफ चीन अपने ऊर्जा हितों और व्यापारिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए संतुलन बनाने की कोशिश कर रहा है.
टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को लेकर भी दोनों देशों के बीच प्रतिस्पर्धा तेज हो चुकी है. अमेरिका चीन की टेक कंपनियों और चिप इंडस्ट्री पर सख्ती दिखा रहा है, जबकि चीन इसे अपनी आर्थिक प्रगति रोकने की कोशिश मानता है. ऐसे में बीजिंग की यह बैठक सिर्फ कूटनीतिक मुलाकात नहीं, बल्कि आने वाले वर्षों की वैश्विक राजनीति और व्यापारिक समीकरण तय करने वाली बड़ी घटना मानी जा रही है.
ये भी पढ़ें:सीजफायर के बाद अमेरिका का ईरान पर हमला, होर्मुज को लेकर बढ़ी हलचल! फिर शुरू होगी जंग