एक ईमेल और चली गई नौकरी! Oracle ने 21 हजार कर्मचारियों को दिखाया बाहर का रास्ता
टेक कंपनी ओरेकल ने 21 हजार कर्मचारियों की छंटनी की
Oracle Corp Layoffs: दुनिया की बड़ी टेक कंपनियों में शामिल ओरेकल ने अपने अब तक के इतिहास की सबसे बड़ी छंटनी की है. कंपनी ने पुष्टि की है कि पिछले एक साल में कंपनी के कुल कर्मचारियों की संख्या लगभग 21 हजार कम हो गई है. मई 2025 में जहां ओरेकल में करीब 1.62 लाख कर्मचारी थे, वहीं मई 2026 तक यह संख्या घटकर करीब 1.41 लाख रह गई.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मार्च 2026 से शुरू हुई इस प्रक्रिया में अमेरिका, भारत और कई अन्य देशों के कर्मचारियों को अचानक सुबह 6 बजे ईमेल भेजे गए. ईमेल में लिखा था कि कंपनी ने बदलाव के तहत उनकी भूमिका समाप्त करने का फैसला किया है.
मतलब यह कि तत्काल प्रभाव से उनकी सेवाएं समाप्त की जाती हैं. उसी दिन उनका आखिरी लास्ट वर्किंग डे होगा. कई कर्मचारियों की कंपनी के सिस्टम तक पहुंच भी तुरंत बंद कर दी गई.
किन विभागों से हुई ज्यादा छटनी?
ऐसा कहा जा रहा है कि छंटनी का असर सेल्स, क्लाउड, कस्टमर सक्सेस, हेल्थ और नेटसूट जैसे कई विभागों पर पड़ा है. कुछ रिपोर्टों में दावा किया गया है कि भारत में भी हजारों कर्मचारी प्रभावित हुए हैं.
ओरेकल ने अपने वार्षिक वित्तीय दस्तावेज में बताया कि इस बड़े पुनर्गठन पर उसे करीब 1.84 अरब डॉलर खर्च करने पड़े, जिसमें कर्मचारियों को दिए गए सेवरेंस पैकेज और अन्य निकासी खर्च शामिल हैं.
क्या कह रहे एक्सपर्ट?
विशेषज्ञों का मानना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के तेजी से बढ़ते इस्तेमाल और डेटा सेंटरों में भारी निवेश के कारण कंपनी अपनी लागत कम करने की कोशिश कर रही है. यही वजह है कि ओरेकल समेत कई बड़ी टेक कंपनियां अपने वर्कफोर्स को छोटा कर रही हैं.
कुल मिलाकर, यह छंटनी सिर्फ ओरेकल की कहानी नहीं है, बल्कि उस बदलाव की तस्वीर है जिसमें AI के दौर में कंपनियां कम कर्मचारियों के साथ ज्यादा काम करने की रणनीति अपना रही हैं.