डेमोक्रेट्स की जीत से तिलमिलाए ट्रंप? लाल टोपी पर ‘VETO’ लिखकर दिखाई ताकत
डोनाल्ड ट्रंप
US midterm Elections: अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को लगे झटके के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी को एक अलग अंदाज में मैसेज दिया है. ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लाल रंग की एक टोपी की तस्वीर साझा की है, जिस पर बड़े अक्षरों में ‘VETO’ लिखा हुआ है. इस एक शब्द के जरिए उन्होंने साफ संकेत दिया है कि आने वाले समय में डेमोक्रेट्स के साथ उनकी राजनीतिक टकराव की स्थिति बन सकती है.
दरअसल, मिडटर्म चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी ने कई अहम सीटों पर जीत दर्ज की है. पार्टी को उन इलाकों में भी सफलता मिली, जिन्हें पारंपरिक रूप से रिपब्लिकन पार्टी का मजबूत गढ़ माना जाता था. इस नतीजे ने ट्रंप प्रशासन के सामने नई राजनीतिक चुनौती खड़ी कर दी है. चुनाव परिणामों के बाद ट्रंप की टोपी वाली पोस्ट को इसी राजनीतिक संदेश से जोड़कर देखा जा रहा है.
ट्रंप बोले- मैं चुनाव लड़ता तो बड़ी जीत मिलती
चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी के प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए ट्रंप ने दावा किया कि अगर उनका नाम भी बैलेट पेपर पर होता तो पार्टी को शानदार जीत मिलती. उन्होंने कहा कि उनकी गैरमौजूदगी की वजह से नतीजे प्रभावित हुए. हालांकि, उन्होंने चुनावी परिणामों को स्वीकार करने और डेमोक्रेट्स के साथ मिलकर काम करने की इच्छा भी जताई है.
डेमोक्रेट्स के बिल रोकने की तैयारी
ट्रंप की ‘VETO’ टोपी के पीछे राष्ट्रपति की संवैधानिक शक्ति का संकेत है. अमेरिका में राष्ट्रपति के पास कांग्रेस से पारित किसी विधेयक को मंजूरी देने से इनकार करने का अधिकार होता है. इसे वीटो कहा जाता है. ट्रंप पहले भी कह चुके हैं कि अगर डेमोक्रेट्स उनके सामने ऐसे विधेयक लाते हैं, जिनसे वह सहमत नहीं हैं, तो वे उन्हें वीटो कर देंगे.
हालांकि, कांग्रेस के दोनों सदन दो-तिहाई बहुमत से राष्ट्रपति के वीटो को पलट सकते हैं. लेकिन, इसके लिए पर्याप्त समर्थन जुटाना आसान नहीं होता.
ये भी पढ़ें: मिडटर्म चुनाव में हार के बाद ट्रंप से अलग राह पर JD वेंस, नए राजनीतिक गठबंधन की तैयारी



