BJP ऑफिस में बजट प्रचार अभियान को लेकर मंथन, बीएल संतोष ने दिए दिशा-निर्देश, अभियानों से जनता के बीच पहुंचेगी पार्टी

MP News: बीएल संतोष ने कहा कि बजट प्रचार अभियान को केवल औपचारिक कार्यक्रम न मानकर जनसंपर्क का मजबूत माध्यम बनाया जाए. गांव, वार्ड और मोहल्ला स्तर पर संवाद कार्यक्रम आयोजित कर आम नागरिकों को बताया जाए कि बजट से किसान, युवा, महिलाएं, गरीब और मध्यम वर्ग को किस प्रकार लाभ होगा.
bjp leaders session on budget 2026 public campaign BL santosh provided instructions

BJP ऑफिस में बजट प्रचार अभियान को लेकर हुआ मंथन

MP News: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित बजट प्रचार अभियान एवं वीबी जी–रामजी की प्रदेश टोली की कामकाजी बैठक को संबोधित किया. बैठक का उद्देश्य आगामी बजट को लेकर संगठन की रणनीति तय करना और उसे प्रभावी ढंग से आम जनता तक पहुंचाने की रूपरेखा बनाना रहा. इस दौरान पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे.

बीएल संतोष ने क्या कहा?

बैठक को संबोधित करते हुए बीएल संतोष ने कहा कि बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं होता, बल्कि यह सरकार की नीतियों, प्राथमिकताओं और जनकल्याण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है. ऐसे में कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे बजट में शामिल जनहितकारी प्रावधानों को सरल भाषा में समाज के हर वर्ग तक पहुंचाएं. उन्होंने संगठनात्मक अनुशासन, बूथ स्तर पर सक्रियता और निरंतर संवाद को अभियान की सफलता की कुंजी बताया.

बीएल संतोष ने कहा कि बजट प्रचार अभियान को केवल औपचारिक कार्यक्रम न मानकर जनसंपर्क का मजबूत माध्यम बनाया जाए. गांव, वार्ड और मोहल्ला स्तर पर संवाद कार्यक्रम आयोजित कर आम नागरिकों को बताया जाए कि बजट से किसान, युवा, महिलाएं, गरीब और मध्यम वर्ग को किस प्रकार लाभ होगा. उन्होंने कार्यकर्ताओं से सोशल मीडिया और डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग पर भी जोर दिया.

कांग्रेस के भ्रम को दूर करने के लिए जागरूकता जरूरी

प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा का संगठनात्मक ढांचा उसकी सबसे बड़ी ताकत है. उन्होंने कहा कि वीबी जी–रामजी की प्रदेश टोली को जमीनी स्तर पर सक्रिय रहकर सरकार की उपलब्धियों को सामने लाना होगा. डॉ. सिंह ने कार्यकर्ताओं से समन्वय के साथ काम करने और विपक्ष द्वारा फैलाए जाने वाले भ्रम का तथ्यों के साथ जवाब देने का आह्वान किया.

ये भी पढ़ें: MP में SIR प्रक्रिया के बाद फॉर्म-7 पर मचा घमासान! कांग्रेस का आरोप- BJP मुस्लिम वोटर्स का नाम हटवाना चाहती है

बजट के साथ राजनीतिक विषय पर भी हुई चर्चा

बैठक में बजट प्रचार अभियान की रूपरेखा, कार्यक्रमों की समय-सीमा और जिम्मेदारियों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई. प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों, जिला प्रतिनिधियों और अभियान से जुड़े प्रमुख कार्यकर्ताओं ने अपने सुझाव भी रखे। संगठन ने स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में यह अभियान पूरे प्रदेश में चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा. कुल मिलाकर बैठक में बजट को जन-जन तक पहुँचाने, संगठन को और मजबूत करने तथा आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार रहने पर जोर दिया गया.

ज़रूर पढ़ें