Rewa News: रीवा में हेलीकॉप्टर से निकली बारात, सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बनी शाही शादी

Rewa News: दूल्हे राजा हेलीकॉप्टर से उड़ान भरकर जतरी पहुंचे, पूरा इलाका इस अनोखी बारात को देखने उमड़ पड़ा. हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी और सीधे डभौरा क्षेत्र के जतरी गांव में लैंडिंग की गई.
Wedding procession leaves from helicopter in Rewa

रीवा में हेलीकॉप्टर से निकली बारात

Rewa News: रीवा जिले के सिरमौर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत अतरैला के गांव बरौहा में हुई एक शादी इन दिनों सोशल मीडिया पर जबरदस्त सुर्खियां बटोर रही है. वजह है दूल्हे की शाही एंट्री, बारात कार या घोड़ी से नहीं, बल्कि हेलीकॉप्टर से निकली.

शाही अंदाज में दूल्हे की एंट्री

ग्राम बरौहा निवासी राकेश सिंह बघेल के बड़े पुत्र अमित सिंह बघेल की शादी 26 फरवरी को नगर परिषद डभौरा अंतर्गत ग्राम जतरी निवासी धानेंद्र सिंह चौहान की पुत्री रिया सिंह चौहान के साथ संपन्न हुई. जैसे ही दूल्हे राजा हेलीकॉप्टर से उड़ान भरकर जतरी पहुंचे, पूरा इलाका इस अनोखी बारात को देखने उमड़ पड़ा. बताया गया कि बरौहा से हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी और सीधे डभौरा क्षेत्र के जतरी गांव में लैंडिंग की गई.

गांव में पहली बार इस तरह की शाही बारात देखने को मिली, जिससे ग्रामीणों में उत्साह का माहौल रहा. बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर कोई इस नज़ारे को अपने मोबाइल कैमरे में कैद करता नजर आया.

गांव की पहचान बनाने की थी वर्षों पुरानी इच्छा

दूल्हे अमित सिंह बघेल ने मीडिया से बातचीत में बताया कि यह उनके पिता की वर्षों पुरानी इच्छा थी. उनका कहना था कि रीवा जिले से करीब 60 किलोमीटर दूर बसे छोटे से गांव बरौहा को लोग पहचानें. अक्सर लोग गांव का नाम पूछते हैं तो बरौहा का नाम अनजान सा लगता है. ऐसे में परिवार ने तय किया कि कुछ अलग और यादगार किया जाए, जिससे गांव की पहचान बने.

गौरतलब है कि राकेश सिंह बघेल का परिवार वर्ष 1994 से पुणे में निवास कर रहा है और वहां उनका स्वयं का उद्योग है. बावजूद इसके, परिवार अपनी मिट्टी और गांव से गहरा जुड़ाव रखता है. इसी लगाव और पहचान की भावना ने इस शाही बारात को जन्म दिया.

सोशल मीडिया पर छाया खुमार

हेलीकॉप्टर से निकली इस बारात ने न केवल बरौहा बल्कि पूरे सिरमौर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना दिया है. सोशल मीडिया पर शादी के वीडियो और तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं, और लोग इसे “रीवा की शाही शादी” का नाम दे रहे हैं.

ये भी पढे़ं- होली के त्यौहार को देखते हुए खाद्य विभाग हुआ अलर्ट, भोपाल की अलग-अलग दुकानों पर छापेमार कार्रवाई

ज़रूर पढ़ें