MP News: अतिक्रमण की जद में बड़ा तालाब, अवैध निर्माण और प्लॉटिंग को किया चिन्हित, चलाया जाएगा बुलडोजर
भोपाल में बड़े तालाब के आसपास अतिक्रमण हटाने की तैयारी.
MP News: भोपाल का बड़ा तालाब लगातार अतिक्रमण की जद में है. अतिक्रमण को लेकर जिला प्रशासन अब सख्त नजर आ रहा है. जिला प्रशासन की टास्क फोर्स ने खानूगांव, लालघाटी, बैरागढ़, करबला के पास अतिक्रमण, अवैध निर्माण और प्लाटिंग को चिन्हित किया है. बड़े तालाब से अवैध अतिक्रमण को एक से दो दिन में हटाया जाएगा.
जिला प्रशासन की टास्क फोर्स मैदान में उतरी
बड़े तालाब के कैचमैंट एरिया, फुट लैंप लेवल के आसपास 50 मीटर के दायरे में तेजी से निर्माण कार्य हो रहे हैं. जिला प्रशासन की गठित टास्क फोर्स मैदान में उतरी. खानूगांव और बैरागढ़ में तालाब के 50 मीटर के दायरे में आने वाले मकानों, अवैध प्लाटिंग और जगहों पर यलो मार्किंग की गई है. अभी करबला, टीटीनगर, लालघाटी में मार्किंग की जा रही है. भदभदा में अतिक्रण हटाने की कार्रवाई शुरू भी हो गई है. जल्द ही बैरागढ़ और खानूगांव में बड़े तालाब के आसपास के अवैध अतिक्रमण पर बुलडोजर चलेगा.
कलेक्ट्रेट में हुई टास्क फोर्स की बैठक
भोपाल के बड़ा तालाब के कैचमेंट एरिया और एफटीएल(फुट टैंक लेवल) के आसपास से अतिक्रमण हटाने को लेकर कलेक्ट्रेट में टास्क फोर्स की बैठक हुई. बैठक में एसडीएम, टीएंडसीपी के अधिकारी, पर्यावरणविद शामिल हुए. बैठक को लेकर नगर निगम अपर आयुक्त तन्मय वशिष्ठ ने कहा कि खानूगांव, टीटीनगर, करबला, बैरागढ़ चार क्षेत्र के SDM ने अपने अपने क्षेत्र में अतिक्रमण को चिन्हित किया है. सीमाओं के चिन्हाकन के साथ अतिक्रमण हटाने की कारवाई की जाएगी.
अतिक्रमण हटाने के लिए 4 गांवों की मार्किंग
ADM अंकुर मेश्राम ने कहा कि 16 मार्च 2022 के पहले और बाद में जो भी निर्माण किए गए हैं. इसके लिए शासकीय और निजी भूमि का फॉरमेट बनाया गया है. फिलहाल बैरागढ़ के चार गांवों में अतिक्रमण को लेकर मार्किंग पूरी हो चुकी है. 8 गांवों में अतिक्रमण को लेकर मार्किंग की जा रही है. TT नगर क्षेत्र में 8-10 गांवों में मार्किंग की जानी है. एक हफ्ते में अतिक्रमण को चिह्नित करने की कार्रवाई पूरी हो जाएगी. जल्द ही बड़े तालाब को अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा.
10 सालों में बड़े तालाब में तेजी से अतिक्रमण
बीते 10 सालों में बड़े तालाब में तेजी से अतिक्रण हुआ है. सांसद आलोक शर्मा ने अतिक्रमण को लेकर सख्त नजर आए थे. जिसके बाद अब अतिक्रमण हटाने को लेकर अधिकारी मैदान में है. इससे पहले तीन से चार बार सर्वे हो चुका है. लेकिन अब तक बड़ा तालाब अतिक्रमण मुक्त नहीं हुआ है. अब देखना होगा कि तालाब को सरंक्षित करने की दिशा में अवैध कब्जों को कब तक हटाया जाएगा.
ये भी पढे़ं: MP News: भोपाल में 600 वर्गफीट के मकान में 43 वोटर! कांग्रेस ने मतदाता सूची को लेकर उठाए सवाल