MP News: एमपी में चुनावी चंदे का असंतुलन, एडीआर की रिपोर्ट से हुआ बड़ा खुलासा, 97% राशि बीजेपी को, कांग्रेस को सिर्फ 2.5%
बीजेपी और कॉंग्रेस
MP News: मध्य प्रदेश की राजनीति में आर्थिक संसाधनों के असंतुलन को उजागर करने वाली एक अहम रिपोर्ट सामने आई है. एडीआर की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, वित्तीय वर्ष 2024-25 के दौरान प्रदेश में सक्रिय राजनीतिक दलों को कुल 55.779 करोड़ रुपये का चुनावी चंदा मिला. इसमें से लगभग 97 प्रतिशत राशि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को प्राप्त हुई, जबकि कांग्रेस को महज 2.5 प्रतिशत चंदे से संतोष करना पड़ा.
किस पार्टी को कितना चंदा मिला?
रिपोर्ट के अनुसार, बीजेपी को करीब 54.03 करोड़ रुपये का चंदा मिला, जो कुल राशि का लगभग पूरा हिस्सा है. इसके विपरीत कांग्रेस को केवल करीब 1.33 करोड़ रुपये ही प्राप्त हुए. अन्य दलों में आम आदमी पार्टी और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई-एम) को भी सीमित मात्रा में आर्थिक सहयोग मिला, जो कुल चंदे का बहुत छोटा हिस्सा है. एडीआर की इस रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि प्रदेश में चुनावी चंदे का सबसे बड़ा स्रोत कॉरपोरेट और बिजनेस हाउस रहे. कुल 55.779 करोड़ रुपये में से करीब 38.48 करोड़ रुपये कॉरपोरेट क्षेत्र से आए, जो दर्शाता है कि कंपनियां और व्यावसायिक समूह राजनीतिक दलों को बड़े पैमाने पर आर्थिक सहयोग दे रहे हैं.
व्यक्तिगत दानदाताओं का कितना योगदान रहा?
वहीं व्यक्तिगत दानदाताओं का योगदान लगभग 17.21 करोड़ रुपये रहा. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस तरह का असमान वितरण चुनावी प्रतिस्पर्धा को प्रभावित कर सकता है. जिन दलों के पास अधिक संसाधन होते हैं, वे प्रचार-प्रसार, संगठन विस्तार और चुनावी रणनीतियों में बढ़त बना लेते हैं. ऐसे में छोटे और संसाधन-विहीन दलों के लिए मुकाबला करना चुनौतीपूर्ण हो जाता है.
MP चंदा प्राप्त करने के मामले में 12वें स्थान पर
रिपोर्ट में राज्यों के बीच तुलना भी की गई है, जिसमें मध्य प्रदेश चंदा प्राप्त करने के मामले में देश में 12वें स्थान पर है. दिल्ली, महाराष्ट्र, गुजरात, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, हरियाणा, राजस्थान और तमिलनाडु जैसे राज्यों में राजनीतिक दलों को इससे अधिक चंदा प्राप्त हुआ है. हालांकि, एक दिलचस्प तथ्य यह भी है कि मध्य प्रदेश में राजनीतिक दलों को मिला कुल चंदा उत्तर प्रदेश से अधिक बताया गया है, जहां दलों को करीब 52.475 करोड़ रुपये की राशि प्राप्त हुई.
BJP को मिलने वाले चंदे में 171% की बढ़ोतरी
राष्ट्रीय स्तर पर भी बीजेपी की फंडिंग में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है. एडीआर के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2024-25 में बीजेपी को मिलने वाले चंदे में 171 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है. वहीं कांग्रेस को भी पिछले वर्ष की तुलना में कुछ वृद्धि मिली है, लेकिन यह वृद्धि बीजेपी के मुकाबले काफी कम है. आम आदमी पार्टी को मिलने वाले चंदे में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है.
ये भी पढ़ें-BJYM टीम पर घमासान, 4 महीने बाद भी नहीं बनी सहमति, दिग्गज नेताओं में समर्थकों को एडजस्ट करने की होड़
चुनावी सुधार के नियमों पर चर्चा की आवश्यकता
विशेषज्ञों का मानना है कि चुनावी चंदे में पारदर्शिता और संतुलन लोकतंत्र के लिए बेहद जरूरी है. एडीआर की यह रिपोर्ट न केवल राजनीतिक दलों की आर्थिक स्थिति को सामने लाती है, बल्कि यह भी संकेत देती है कि भविष्य में चुनावी सुधार और फंडिंग के नियमों पर व्यापक चर्चा की आवश्यकता है.