कब्रिस्तान में छिपाए थे 414 गैस सिलेंडर, छापेमारी करने पहुंची पुलिस के उड़ गए होश!
हैदराबाद में कब्रिस्तान से 414 गैस सिलेंडर जब्त, पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया.
Gas Cylinders: मिडिल ईस्ट जंग की वजह से देशभर में एलपीजी की कमी देखते हुए लंबी लाइनें लग रही हैं. हालांकि, सरकार ने स्पष्ट किया है कि देश में एलपीजी की कमी नहीं है. इसके साथ ही जमाखोरी करने और कालाबाजारी को रोकने के लिए सरकार कानूनी कार्रवाई भी कर रही है. इसी बीच हैदराबाद पुलिस को बड़ा जखीरा हाथ लगा है. पुलिस से छिपने के लिए आरोपियों ने कब्रिस्तान में गैस सिलेंडर छिपाया लेकिन पुलिस ने दबिश देकर जब्त कर लिया. पुलिस के अनुसार, कुल 414 सिलेंडर जब्त किए गए हैं.
हैदराबाद पुलिस ने एलपीजी की कमी के बीच बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है. पुलिस कमिश्नर वीसी सज्जनार ने बताया कि बंजारा हिल्स के पास कब्रिस्तान में कुछ लोगों ने अवैध रूप से गैस सिलेंडर जमा किया था. उनका मकसद था कि गैस की कमी पर ज्यादा कीमत पर बेचा जा सकेगा. आरोपियों के पास से पुलिस को कुल 11 गाड़ी और 414 सिलेंडर मिले हैं, जिनकी बाजारू कीमत लगभग 21.88 लाख रुपए है. हैदराबाद पुलिस ने इसकी जानकारी प्रेसवार्ता के दौरान दी है.
महंगे दामों में बेचने की थी योजना
कमिश्नर टास्क फोर्स के पुलिस उपायुक्त गायकवाड़ वैभव रघुनाथ ने इस रैकेट का भंडाफोड़ किया है. उन्होंने बताया कि जमाखोरी कर ऊंचे दामों में बेचने की योजना बना रहे कई आरोपियों को दबोचा है. जिसमें एक गैस आपूर्तिकर्ता, तीन गैस डिलीवरी बॉय, दो ड्राइवर और मजदूर शामिल हैं. उन्होंने कहा कि हम जन सुरक्षा के लिए काफी प्रतिबद्ध हैं. अवैध जमाखोरी और कालाबाजारी में शामिल हर किसी व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे.
ये भी पढ़ेंः ‘ससुर ने जबरन निर्वस्त्र कर शरीर पर लगाई राख’, बहू बोली- फिर मुझे पूजा में बैठाया
आरोपी ने नाम पर गैस एजेंसी का लाइसेंस
पुलिस के मुताबिक, आरोपी मोहम्मद आमिर ‘मेट्रो गैस एजेंसी’ के नाम से गैस एजेंसी चलाता है. उसके पास एचपी की लाइसेंस प्राप्त गैस एजेंसी है. आमिर मजदूरों की मदद से कब्रिस्तान में अवैध रूप से सिलेंडर डंप करा रहा था. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आमिर के साथ ही मोहम्मद यूसुफ, मोहम्मद इस्माइल, ए. रामा राव, लोक कुमार, मोहम्मद सक्रुद्दीन, मोहम्मद मुंतज अंसारी, मोहम्मद मिनाज अंसारी, राजेश पाल और राम राज सिंह को गिरफ्तार किया है. मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है.