Petrol-Diesel: नेपाल की गाड़ियों को भारत में नहीं मिलेगा पेट्रोल-डीजल, जानें वजह
पेट्रोल-डीजल
Petrol-Diesel: मिडिल ईस्ट जंग की वजह से दुनियाभर में तेल-गैस का संकट मंडराने लगा है. भारत के पड़ोसी देश नेपाल में ईंधन संकट छाया हुआ है. ऐसे में कुछ लोग बॉर्डर इलाके में घुसकर भारत के पेट्रोल पंपों पर तेल लेना शुरू कर दिया. जैसे ही इसकी जानकारी स्थानीय प्रशासन को लगी, तो उन्होंने नेपाली नंबर प्लेट लगे वाहनों को पेट्रोल-डीजल नहीं देने का आदेश जारी कर दिया. कीमत की अगर बात की जाए, तो भारत और नेपाल की कीमत में करीब 32 रुपए प्रति लीटर का अंतर है. नेपाल में भारत से महंगा तेल बिक रहा है.
जानकारी के मुताबिक, प्रशासन ने यह फैसला पेट्रोल-डीजल की तस्करी और कालाबाजारी रोकने के लिए लिया है. क्योंकि भारत और नेपाल के बीच पेट्रोल-डीजल की कीमतों में काफी अंतर है. ऐसे में भारी मुनाफे के लिए तस्करी गिरोह सक्रिय हो गया था. जिसको रोकने के लिए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है.
नेपाली वाहनों को नहीं मिलेगा पेट्रोल-डीजल
हिंदुस्तान कॉरपोरेशन एसोसिएशन के बॉर्डर से सटे जिलों के अध्यक्ष वाहिद अंसारी ने बताया कि सरकार की गाइडलाइंस के अनुसार नेपाल के वाहनों को पेट्रोल डीजल नहीं दिया जा रहा है. पेट्रोल पंप मालिकों को सख्त आदेश जारी किया गया है. हालांकि, आपात स्थिति में नेपाली नागरिकों को 50 से 100 रुपए तक का पेट्रोल-डीजल दिया जा सकता है.
ये भी पढ़ेंः ‘4 बच्चे पैदा करो और एक RSS को दे दो’, नागपुर में बाबा बागेश्वर का बड़ा बयान
नेपाल में क्या हैं पेट्रोल-डीजल के दाम?
नेपाल में पिछले कुछ दिनों के अंदर कई बार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ चुके हैं. नेपाल में तीन कैटेगरी में पेट्रोल-डीजल मिलता है. जिसके अनुसार, पहली कैटेगरी में 184.50 रुपए प्रति लीटर, दूसरी कैटेगरी में 186 रुपए और तीसरी कैटेगरी में 187 रुपए प्रति लीटर कीमत तय की गई है. वहीं डीजल पहली श्रेणी में 164.50 रुपए प्रति लीटर, दूसरी श्रेणी में 166 रुपए प्रति लीटर और तीसरी श्रेणी में 167 रुपए प्रति लीटर कर दिया गया. यानी 28 फरवरी के बाद नेपाल में पेट्रोल का दाम 42.20 प्रतिशत और 32.59 प्रतिशत बढ़ा है.