खुशियों के बीच मातम, जिस दिन बड़े भाई ने पहनी पुलिस की वर्दी, उसी दिन तिरंगे में लिपटा आया छोटे भाई का पार्थिव शरीर
सोहित चौहान
UP News: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने हर किसी की आंखों को नम कर दिया. किसी ने सोचा भी नहीं रहा होगा, जिस घर में खुशियों का आगमन हो रहा. उसी घर में दुखों का पहाड़ भी टूट पड़ेगा. एक पिता के लिए इससे बड़ा दुख क्या होगा कि बड़ा बेटा पुलिस की वर्दी पहन रहा है और उसी दौरान छोटे बेटे की अंतिम यात्रा निकल रही है. इस घटना के बाद पूरा इलाका शोक में डूब गया.
बता दें, बागपत जिले के छपरौली क्षेत्र के लूम्ब गांव के रहने वाले मोहित चौहान यूपी पुलिस में अपनी सेवाएं देने जा रहे थे. घर में खुशी का माहौल था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था. जश्न के बीच में आई दुखद खबर ने सबको झकझोर कर रख दिया. परिवार ने एक ही दिन में जीवन का सबसे बड़ा सुख और दुख दोनों देख लिया. परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.
घर पर पसरा मातम
दरअसल, मोहित चौहान के छोटे भाई सोहित चौहान अरुणांचल प्रदेश में अपने सेना की ड्यूटी निभा रहे थे. इसी दौरान उनके ऊपर एक पेड़ जा गिरा. जिसकी चपेट में आने से सोहित गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही दम तोड़ दिया. सोहित का जनाजा उस दिन उठा, जब उनके बड़े भाई यूपी पुलिस की वर्दी पहन रहे थे.
ये भी पढे़ंः 19 हजार के लिए बैंक ने मांगा डेथ सर्टिफिकेट, सबूत में बहन का ‘कंकाल’ लेकर पहुंचा भाई
शहीद का दर्जा देने की उठी मांग
सोहित को अंतिम विदाई देने के लिए हजारों की संख्या में लोग पहुंचे और नम आंखों से विदाई दी. सोहित के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए दूर-दूर से लोग शामिल हुए. सेना के जवानों ने पूरे सैन्य सम्मान के साथ विदाई दी. उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और सलामी भी दी गई. स्थानीय लोगों और परिवार ने मांग की है कि सोहित को शहीद का दर्जा दिया जाए. सोहित के अंतिम संस्कार में कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए.