महेश्वर में ‘गोदा से नर्मदा’ जल यात्रा का हुआ समापन, CM मोहन यादव बोले- देवी अहिल्याबाई ने सनातन संस्कृति को गौरवान्वित किया

MP News: देवी अहिल्या बाई होलकर की 300वीं जन्म जयंती पर महाराष्ट्र के नासिक स्थित गोदावरी नदी से शुरू हुई गोदा नर्मदा जल यात्रा खरगोन जिले की देवी अहिल्या बाई होलकर की नगरी महेश्वर पहुंची. इस कार्यक्रम में सीएम मोहन यादव शामिल हुए.
maheshwar goda te narmada yatra cm mohan Yadav

महेश्वर: गोदा ते नर्मदा जल यात्रा का समापन हुआ

MP News (महेश्वर से अंकित बड़ोले की रिपोर्ट): मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव समेत महाराष्ट्र सरकार के करीब आधा दर्जन से अधिक मंत्री और विधायक बुधवार (29 अप्रैल) की रात्रि में खरगोन जिले की पवित्र नगरी महेश्वर पहुंचे. जहां मुख्यमत्री डॉ. मोहन यादव सहित महाराष्ट्र सरकार के मंत्रियों ने मां नर्मदा का पूजन और महाआरती की. पूजन अर्चन के बाद महेश्वर के अहिल्या घाट पर बनाए गए विशाल मंच से गोदा से पुण्यश्लोका नर्मदा जल यात्रा का सीएम डॉ मोहन यादव ने समापन किया.

गोदा से नर्मदा यात्रा का हुआ समापन

देवी अहिल्या बाई होलकर की 300वीं जन्म जयंती पर महाराष्ट्र के नासिक स्थित गोदावरी नदी से शुरू हुई गोदा नर्मदा जल यात्रा खरगोन जिले की देवी अहिल्या बाई होलकर की नगरी महेश्वर पहुंची. जहां महाराष्ट्र सरकार के जल संसाधन मंत्री डॉ राधाकृष्ण विखे पाटिल सहित आधा दर्जन मंत्रियों ने 30 नदियों के जल सहित अहिल्या बाई के पैतृक गांव चोंडी से लाई गई मिट्टी का कलश भी सीएम डॉ मोहन यादव को सौंपा. इस मौके पर महाराष्ट्र सरकार के जल संसाधन मंत्री डॉ राधाकृष्ण विखे पाटिल ने मप्र सरकार के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का पेशवाई पगड़ी पहना कर और प्रतीक चिन्ह देकर स्वागत और सम्मान किया.

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि लोकमाता अहिल्यादेवी होलकर ने आदर्श योद्धा, शक्तिशाली शासिका और पुण्यश्लोका के रूप में सनातन संस्कृति को गौरवान्वित किया है. उन्होंने कहा कि जन्मत्रिशताब्दी के अवसर पर महाराष्ट्र शासन द्वारा आयोजित की गई ‘गोदा से नर्मदा’ जलयात्रा के समापन पर उनकी कर्मभूमि महेश्वर में आज उत्साह का वातावरण है, जो अहिल्यादेवी के विरासत के महत्व को रेखांकित करता है. उन्होंने कहा कि लोकमाता अहिल्यादेवी की विरासत ऐसी है कि उन्हें समर्पित जलयात्रा जिसका शुभारंभ एक प्रदेश के मुख्यमंत्री और समापन दूसरे प्रदेश के मुख्यमंत्री करते हैं. मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश राज्य अपनी सांझा विरासत की कारण जुड़वां भाई की तरह है. उन्होंने ‘गोदा से नर्मदा’ जलयात्रा के सफल आयोजन की लिए महाराष्ट्र शासन का अभिनंदन किया.

फोर लेन से जुड़ेगा महेश्वर

मुख्यमंत्री ने बताया कि लोकमाता अहिल्या देवी के आदर्श मध्य प्रदेश सरकार की प्रेरणा हैं. जन्मत्रिशताब्दी के अवसर पर मध्य प्रदेश शासन ने गतवर्ष लोकमाता को समर्पित कैबिनेट बैठकों का आयोजन महेश्वर और इंदौर में किया था. लोकमाता की प्रेरणा से ही महेश्वर में दशहरा में शस्त्रपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया था. महेश्वर के अहिल्याघाट पर प्रतिदिन लाइट एंड सैंड शो का आयोजन किया जाता है, जिसमें लोकमाता के गौरवशाली इतिहास का वर्णन होता है.

मध्य प्रदेश सरकार महेश्वर में देवी अहिल्या लोक का निर्माण कर रही है, जिसका भूमिपूजन शीघ्र ही किया जाएगा. महेश्वर आवागमन की सुविधा के लिए सरकार फोरलेन हाइवे तैयार कर रही है. जिस प्रकार से लोकमाता ने देवस्थान, घाट और जनसुविधाओं का निर्माण किया. वैसे ही प्रदेश सरकार देवस्थलों के अंदर सुप्रबन्धन करने, धार्मिक नगरियों को हेलीसेवा से जोड़ने जैसे सांस्कृतिक महत्त्व के कार्य कर रही है.

ये भी पढ़ें: MP में ऑनलाइन स्वगणना का आज आखिरी दिन, 1 मई से 1.80 लाख कर्मचारी जनगणना के लिए मैदान में उतरेंगे

इस अवसर पर महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, राजशिष्टाचार मंत्री जयकुमार रावल ने भी संबोधित किया. कार्यक्रम में लोकमाता अहिल्या देवी के वंशज श्रीमंत यशवंतराव होलकर, केंद्रीय महिला बाल विकास राज्यमंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर, सांसद शंकर लालवानी, विधायक महेश्वर राजकुमार मेव, विधायक बड़वाह सचिन बिरला, विधायक खरगोन बालकृष्ण पाटीदार सहित मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र शासन के अन्य जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे.

ज़रूर पढ़ें