कैसे की गई चंद्रनाथ रथ की हत्या? चश्मदीद ने बताई हत्या के समय की पूरी कहानी
प्रत्यक्षदर्शी ने क्या बताया?
Suvendu Adhikari PA Murder: पश्चिम बंगाल में चुनावी नतीजों के बाद सियासी माहौल लगातार गरमाता जा रहा है. इसी बीच बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी के बेहद करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या ने पूरे राज्य की राजनीति में हलचल मचा दी है. यह वारदात उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम इलाके में हुई, जहां देर रात बदमाशों ने उनकी कार को निशाना बनाया था. यहां ताबड़तोड़ फायरिंग की गई जिसमें चंद्रनाथ को 3 गोलियां लगी और उनकी मौत हो गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना को पूरे प्लान के तहत अंजाम दिया गया है. चश्मदीदों ने बताया कि पहले एक चार पहिया वाहन ने चंद्रनाथ रथ की गाड़ी को रोका, इसके बाद बाइक पर आए हमलावरों ने करीब से फायरिंग शुरू कर दी. इलाके में अचानक गोलियों की आवाज गूंजने लगी और लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए.
रथ का ड्राइवर भी बुरी तरह घायल
लोगों ने बताया कि जैसे ही वे लोग बाहर आए वहां एक सफेद कार के कांच टूटे हुए नजर आए. इसके साथ ही बाइक पर सवार कुछ लोग भागते दिखे. कार के पास जाने पर पता चला कि यह सुभेंदु अधिकारी के पीएम हैं, उन्हें कई गोलियां लगी हुई थी. आनन फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. कार चला रहा ड्राइवर भी घायल हुआ है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.
#WATCH | North 24 Parganas | An eyewitness says, "Just as Chandra's car crossed mine, it suddenly stopped mid-way and a bike-borne person came and started shooting on the left side of the car… The person seemed to be an expert… He fled immediately… It seemed that this was… https://t.co/0kAKzKZ5yW pic.twitter.com/R8i1dZkIxF
— ANI (@ANI) May 6, 2026
एक प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि वह जिस गाड़ी में सवार थे, उसे सबसे पहले दोहरिया जंक्शन के पास एक छोटी कार ने रोका. इसके बाद बाइक सवार आरोपी SUV के पास पहुंचा और बेहद करीब से उन पर फायरिंग शुरू कर दी.
DGP सिद्धनाथ गुप्ता ने क्या बताया?
हत्याकांड पर DGP सिद्धनाथ गुप्ता ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से कारतूस बरामद कर लिए हैं, इसके साथ ही उस छोटी कार को भी जब्त कर लिया है जिसका कथित तौर पर हमले के दौरान इस्तेमाल किया गया था. उन्होंने बताया, “गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर सिलीगुड़ी रीजनल ट्रांसपोर्ट ऑफिस का लग रहा है, लेकिन ऐसा लगता है कि नंबर प्लेट के साथ छेड़छाड़ की गई है. फिलहाल हर एंगल से जांच की जा रही है.
सुवेंदु ने पूरे मामले पर क्या कहा?
घटना की जानकारी मिलते ही बीजेपी समर्थकों की भारी भीड़ अस्पताल के बाहर जुट गई. पार्टी नेताओं ने इसे “टारगेटेड अटैक” बताते हुए राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए. वहीं सुवेंदु अधिकारी ने इस हत्या को पहले से रची गई साजिश करार दिया और कहा कि हमला पूरी तैयारी के साथ किया गया.
हत्या की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मौके से कारतूस और संदिग्ध वाहन बरामद किए हैं. शुरुआती जांच में वाहन की नंबर प्लेट फर्जी होने की आशंका जताई जा रही है. सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और हमलावरों की तलाश में कई टीमें लगाई गई हैं.
इस हत्याकांड के बाद बंगाल की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है. बीजेपी ने इसे राजनीतिक हिंसा से जोड़ते हुए टीएमसी पर निशाना साधा है, जबकि टीएमसी ने भी घटना की निंदा करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है.