Satna: नाराज किसानों के बीच पहुंचे जीतू पटवारी, सचिव की अनुपस्थिति पर BJP सरकार को घेरा
जीतू पटवारी
Satna/प्रशांत सिंह: मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी आज सतना जिले के नागौद स्थित कृषि उपज मंडी पहुंचे, जहाँ उन्होंने गेहूं की खरीदी व्यवस्थाओं का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने मंडी में मौजूद किसानों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं को सुना. पटवारी ने किसानों से पूछा कि क्या उन्हें सरकार द्वारा घोषित 2700 रुपये प्रति क्विंटल का मूल्य मिल रहा है, जिस पर किसानों ने एक सुर में नकारते हुए प्रतिक्रिया दी और बताया कि उन्हें बहुत ही कम दामों पर अपनी उपज बेचनी पड़ रही है.
अव्यवस्थाओं को लेकर नाराज हुए पटवारी
मंडी परिसर में अव्यवस्थाओं को लेकर जीतू पटवारी काफी आक्रोशित नजर आए. उन्होंने मौके पर चर्चा और जानकारी के लिए मंडी सचिव सहित अन्य उच्च अधिकारियों को कई बार बुलाने का प्रयास किया, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी कोई जिम्मेदार अधिकारी किसानों और जनप्रतिनिधियों के सामने नहीं पहुंचा. अधिकारियों की इस गैर-मौजूदगी को पटवारी ने किसानों के प्रति प्रशासन की संवेदनहीनता करार दिया.
भाजपा पर लगाया वादाखिलाफी का आरोप
पटवारी ने भाजपा सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले भाजपा ने 2700 रुपये में गेहूं, 3100 रुपये में धान और 6000 रुपये में सोयाबीन खरीदने का वादा किया था, लेकिन आज किसान मंडियों में लुटने को मजबूर है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही किसानों को उनकी मेहनत का सही दाम और मंडियों में बुनियादी सुविधाएं नहीं मिलीं, तो कांग्रेस पार्टी प्रदेश व्यापी उग्र आंदोलन करेगी. इस दौरान उनके साथ बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय किसान मौजूद रहे.
ये भी पढ़ें:बंगाल में लागू हुई BNS और आयुष्मान भारत योजना, सुवेंदु कैबिनेट की पहली बैठक में फैसला