5000 की सुपारी में बेटे ने पिता को मरवाया, अधजला शव सूखे कुएं में फेंका, बोला- झगड़ों से तंग आ गया था
सांकेतिक तस्वीर.
MP News: सीधी के मझौली थाना क्षेत्र में हुई हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि विवाद के बाद आरोपी बेटे ने ही पिता की 5 हजार रुपये की सुपारी देकर हत्या करवा दी थी. मामले में पुलिस ने आरोपी बेटे समेत 10 लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने हत्या के बाद शव को जलाने की कोशिश भी की थी. लेकिन नाकाम होने पर अधजले शव को जंगल में एक सूखे कुएं में भी छोड़कर फरार हो गए थे.
कुएं से बदबू आने पर मिला शव
पूरा मामला मझौली थाना क्षेत्र का है. यहां करमाई पड़ोहर टोला का रहने वाला राजभान अगरिया 16 मई की रात को अचानक अपने घर के पास से लापता हो गया था. इसके बाद राजभान के छोटे भाई रघुवर अगरिया ने 19 मई को पुलिस को भाई के लापता होने की सूचना दी थी. मामला दर्ज करने के बाद पुलिस ने राजभान की तलाश शुरू की. इसके दौरान करमाई पड़ोहर टोला के जंगल में स्थित एक कुएं में तेज दुर्गंध आने पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी. जब पुलिस ने जाकर देखा तो कुएं के अंदर सड़ा हुआ अधजला शव पड़ा था. शिनाख्त की तो पता चला ये कोई और नहीं बल्कि लापता राजभान अगरिया का शव है.
इसके बाद पुलिस ने शक के आधार पर राजभान अगरिया के बेटे कमलभान अगरिया के मोबाइल की एक्टिविटी चेक की. इस दौरान पुलिस को कमलनाथ के मोबाइल से एक 5 हजार रुपये का एक संदिग्ध ट्रांजेक्शन मिला. इसके आधार पर पुलिस ने आरोपी से सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया.
‘पिता के व्यवहार और आए दिन के झगड़े से तंग हो गया था’
पूछताछ के दौरान आरोपी कमलभान अगिरया ने बताया कि पिता से आए दिन झगड़ा होता था. वे छोटी-छोटी बातों को बड़ा बनाकर विवाद करते थे. पिता का व्यवहार ठीक नहीं था, इसलिए उन्हें रास्ते से हटाने का फैसला लिया और 5 हजार रुपये देकर उनकी हत्या करवा दी.
पुलिस ने मामले में आरोपी बेटे समेत 10 लोगों को गिरफ्तार कर दिया है और आगे की जांच में जुटी हुई है.
ये भी पढ़ें: समर्थ सिंह को कोर्ट ने 7 दिन की रिमांड पर भेजा, पुलिस करेगी पूछताछ; पत्नी ट्विशा की मौत के मामले में हुई थी गिरफ्तारी