सुप्रीम कोर्ट पहुंचा ट्विशा शर्मा केस, CJI ने लिया स्वत: संज्ञान, 25 मई होगी सुनवाई
ट्विशा की मौत के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने स्वत: संज्ञान लिया है.
Twisha Sharma Case: भोपाल में रिटायर्ड जज की बहू ट्विशा शर्मा की मौत का मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है. CJI सूर्यकांत ने मामले में स्वत: संज्ञान लिया है. मामले में 25 मई को सुनवाई होगी. सीजेआई की बेंच में जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस विपुल एम पंचोली भी शामिल होंगे. इसके पहले शनिवार देर रात दिल्ली एम्स की टीम ट्विशा शर्मा का दोबारा पोस्टमार्टम करने के लिए भोपाल पहुंच चुकी है.
कल दोबारा होगा शव का पोस्टमार्टम
इसके पहले ट्विशा के परिजनों ने दोबारा पोस्टमार्टम करवाने के लिए हाई कोर्ट में गुहार लगाई थी. जिसे हाई कोर्ट ने मंजूर कर लिया था. इसके बाद दिल्ली एम्स की टीम शनिवार को भोपाल पहुंची है. बताया जा रहा है कि दिल्ली एम्स की टीम रविवार को दोबारा शव का पोस्टमार्टम करेगी.
बता दें 12 मई को ट्विशा शर्मा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटका मिला था. इसके बाद से शव भोपाल एम्स के मर्चुरी में रखा है. परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया था. परिजनों ने दोबारा पोस्टमार्टम करने की मांग के साथ ही सीबीआई जांच की मांग की थी. राज्य सरकार ने सीबीआई जांच के लिए पत्र लिखा है. जल्द ही मामले में सीबीआई जांच शुरू की जाएगी.
7 दिन की पुलिस रिमांड पर आरोपी समर्थ सिंह
शनिवार को पुलिस ने ट्विशा के पति आरोपी समर्थ सिंह को भोपाल कोर्ट में पेश किया. कोर्ट ने समर्थ सिंह को 7 दिनों की पुलिस रिमांड पर भेजा है. इसके पहले समर्थ सिंह जबलपुर कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचा था लेकिन कोर्ट ने नामंजूर कर दिया था. इसके बाद भोपाल पुलिस ने जबलपुर पुलिस के साथ मिलकर समर्थ को कोर्ट के अंदर से गिरफ्तार किया था. शुक्रवार रात दो बजे पुलिस समर्थ को लेकर भोपाल के श्यामला हिल्स थाने पहुंची थी.
गिरिबाला सिंह को मिली थी अग्रिम जमानत
ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में परिजनों ने पति और सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ दहेज के लिए प्रताड़ति करने और हत्या का केस दर्ज करवाया है. लेकिन गिरिबाला सिंह को कोर्ट से अग्रिम जमानत मिल गई है. हालांकि पुलिस का कहना है कि गिरिबाला सिंह जांच में सहयोग नहीं कर रही हैं.
ये भी पढ़ें: दोबारा पोस्टमार्टम करने के लिए भोपाल पहुंची दिल्ली एम्स की टीम, ट्विशा का परिवार बोला- कोर्ट में हंस रहा था समर्थ