जबलपुर: ऑनलाइन लोन के चक्कर में साइबर ठगी का शिकार हुआ युवक, बैंक मैनेजर बन ठगों ने लाखों रुपये उड़ाए
सांकेतिक फोटो
बेरोजगारी और पैसों की जरूरत साइबर ठगों के लिए एक नया हथियार बन गई. साइबर ठग ऐसे युवाओं को अपने जाल में फंसा रहे हैं जो या तो नौकरी की तलाश कर रहे हैं या फिर उन्हें पैसों की जरूरत है जबलपुर में एक ऐसा ही मामला सामने आया है जहां लोन लेने की कोशिश कर रहे एक युवक को सवा लाख रुपए का चूना लग गया अब युवक पैसे वापसी की उम्मीद लिए पुलिस अधिकारियों के चक्कर काट रहा है.
जबलपुर में ऑनलाइन लोन लेने की कोशिश एक युवक को भारी पड़ गई. साइबर ठगों ने बैंक मैनेजर बनकर युवक को अपने झांसे में लिया और प्रोसेसिंग फीस एवं अन्य चार्जेस के नाम पर उससे करीब सवा लाख रुपये की ठगी कर ली. मामले की शिकायत मिलने के बाद घमापुर थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.जानकारी के अनुसार घमापुर थाना क्षेत्र स्थित दुर्गा कॉलोनी निवासी साहिल विश्वकर्मा को तत्काल पैसों की आवश्यकता थी.
आसान शर्तों पर लोन दिलाने का भरोसा
इसी दौरान उन्होंने ऑनलाइन लोन की तलाश शुरू की. इंटरनेट पर सर्च करने के दौरान उनकी बातचीत एक ऐसे व्यक्ति से हुई, जिसने खुद को एक प्रतिष्ठित बैंक का मैनेजर बताया. आरोपी ने साहिल को कम समय में आसान शर्तों पर लोन दिलाने का भरोसा दिया.आरोपी ने लोन स्वीकृत कराने के नाम पर पहले प्रोसेसिंग फीस जमा करने को कहा.
आरोपी ने फोन उठाना कर दिया बंद
इसके बाद दस्तावेज सत्यापन, फाइल चार्ज, जीएसटी और अन्य औपचारिकताओं का हवाला देकर अलग-अलग किस्तों में कई बार रकम ट्रांसफर करवाई. लोन मिलने की उम्मीद में साहिल लगातार पैसे जमा करते रहे. जब काफी समय बीतने के बाद भी लोन की राशि उनके खाते में नहीं आई और आरोपी ने फोन उठाना बंद कर दिया, तब उन्हें अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ.
थाने में कराई शिकायत दर्ज
पीड़ित ने पूरे मामले की शिकायत घमापुर थाने में दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन की जानकारी जुटाकर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है.
ये भी पढे़ं- MP Rajya Sabha Election: मीनाक्षी नटराजन ने नामांकन दाखिल किया, कहा- गोडसे की नहीं, गांधी की विचारधारा जीतेगी