MP News: भोपाल की माही लामा करेंगी बॉक्सिंग वर्ल्ड कप में भारत का प्रतिनिधित्व, 60 किग्रा वर्ग में मिली टीम इंडिया में जगह

MP News: मध्य प्रदेश की उभरती हुई मुक्केबाज माही लामा को बॉक्सिंग वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है.
Boxer Mahi Lama

मुक्केबाज माही लामा

MP News: मध्य प्रदेश की उभरती हुई मुक्केबाज माही लामा को बॉक्सिंग वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है. वह चीन में आयोजित होने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में 60 किलोग्राम भार वर्ग में देश की ओर से चुनौती पेश करेंगी. यह टूर्नामेंट 15 जून से 20 जून तक आयोजित किया जाएगा. भारतीय दल शनिवार रात चीन के लिए रवाना हो चुका है.

भोपाल अकादमी से अंतरराष्ट्रीय मंच तक का सफर

भोपाल स्थित राज्य बॉक्सिंग अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहीं माही ने अपनी प्रतिभा और निरंतर मेहनत के बल पर यह मुकाम हासिल किया है. पिछले कुछ वर्षों में उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की कई प्रतियोगिताओं में प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए अपनी पहचान बनाई है. इसी निरंतरता का परिणाम है कि उन्हें भारतीय टीम में जगह मिली है.

वर्ल्ड कप में पदक जीतने का लक्ष्य

चयन के बाद माही ने कहा कि उनकी पूरी तैयारी और ध्यान अब वर्ल्ड कप पर केंद्रित है. उनका लक्ष्य प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन कर भारत के लिए पदक जीतना और प्रदेश का गौरव बढ़ाना है.

युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनीं माही

माही की सफलता को प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा के रूप में देखा जा रहा है. खेल जगत से जुड़े लोगों का मानना है कि समर्पण, अनुशासन और नियमित अभ्यास के जरिए किसी भी खिलाड़ी के लिए अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचना संभव है, और माही इसका सशक्त उदाहरण हैं.

खेल मंत्री ने दी शुभकामनाएं

प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने माही को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं. उन्होंने उम्मीद जताई कि माही वर्ल्ड कप में शानदार खेल दिखाते हुए देश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल करेंगी.

ये भी पढे़ं- एमपी टूरिज्म को “कॉन्फ्रेंस मैनेजमेंट में उत्कृष्टता” पुरस्कार, मुंबई में ’10वें डेसेनियल एक्जीबिशन एक्सीलेंस अवार्ड्स 2026′ में किया गया सम्मानित

ज़रूर पढ़ें