ग्वालियर की बेटी कृष्णा शर्मा का भारतीय महिला हॉकी टीम में चयन, MP का नाम किया रोशन
कृष्ण शर्मा
Krishna Sharma Hockey Selection: मध्यप्रदेश के ग्वालियर की होनहार खिलाड़ी कृष्ण शर्मा ने अपनी कड़ी मेहनत और शानदार प्रदर्शन के दमपर भारतीय अंडर-21 महिला हॉकी टीम में जगह बनाकर पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है. बता दें, यूनाइटेड किंगडम दौरे के लिए कृष्ण का सिलेक्शन भारतीय महिला हॉकी टीम में हुआ है. कड़ी मेहनत और संघर्ष से टीम इंडिया तक पहुंची कृष्ण की कहानी हर बेटी के लिए प्रेसणा बन गई है.
कृष्ण शर्मा का भारतीय हॉकी टीम में हुआ चयन
दरअसल हाल ही में हॉकी इंडिया ने यूनाइटेड किंगडम दौरे के लिए भारतीय अंडर-21 महिला हॉकी टीम का ऐलान किया है, जिसमें ग्वालियर की होनहार हॉकी खिलाड़ी कृष्ण शर्मा का भी चयन हुआ है. कृष्ण अब महिला हॉकी टीम की जर्सी पहनकर अंतरराष्ट्रीय मैदान पर खेलती नजर आएंगी. भारतीय टीम 5 जुलाई से स्कॉटलैंड और इंग्लैंड के दौरे पर जाएगी, जहां टीम इंडिया स्कॉटलैंड, इंग्लैंड, अमेरिका और बेल्जियम की जूनियर टीमों के खिलाफ टेस्ट मैच खेलेगी.
यह भी पढ़ें: श्री चरणी ने रचा इतिहास, महिला टी20 वर्ल्ड कप में ऐसा करने वाली बनी पहली भारतीय गेंदबाज
पिता ने हर परिस्थिति में दिया साथ
ग्वालियर इस इस बेटी का टीम इंडिया तक पहुंचने का सफर आसान नहीं रहा. हॉकी खेलते नजर स्कर्ट पहनने को लेकर उन्हें समाज के तानें सुनने पड़े, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और अपने खेल से आलोचकों को जवाब दिया और अब वे भारतीय जर्सी पहनकर देश का प्रतिनिधित्व करने जा रही हैं. बता दें, कृष्ण के पिता सुनील शर्मा एक सिक्योरिटी सर्विस कंपनी का संचालन करते हैं. साधारण परिवार से होने के बावजूद पिता ने हर परिस्थिति में अपनी बेटी का साथ दिया और उसके सपनों को उड़ान दी.
2023 में जूनियर टीम में किया भारत का प्रतिनिधित्व
बता दें, कृष्ण शर्मा ने साल 2019 में मध्यप्रदेश महिला हॉकी अकादमी से हॉकी खेलने की शुरुआत की. कोचों के मार्गदर्शन और लगातार मेहनत के दम पर उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई. साल 2023 में उन्होंने भारतीय अंडर-18 सब जूनियर टीम के साथ नीदरलैंड और बेल्जियम टेस्ट सीरीज में भारत का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला था. इसके बाद उन्हें लगातार सफलता मिलती रही.