MP News: एमपी में शिक्षकों का इंतजार खत्म, 11 साल बाद साफ हुआ पदोन्नति का रास्ता, शिक्षा विभाग ने शुरू की तैयारी
सांकेतिक तस्वीर
MP News: मध्य प्रदेश के हजारों शिक्षकों के लिए राहत की खबर सामने आई है. करीब 11 साल बाद शिक्षा विभाग में पदोन्नति की प्रक्रिया दोबारा शुरू होने जा रही है. वर्ष 2015 के बाद पहली बार शासन की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किए गए हैं. आदेश मिलते ही लोक शिक्षण संचालनालय और जिला स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं. माना जा रहा है कि इस प्रक्रिया से बड़ी संख्या में पात्र शिक्षकों को पदोन्नति का लाभ मिलेगा.
पदोन्नति प्रक्रिया के लिए जारी हुए निर्देश
लोक शिक्षण संचालनालय ने संभागीय संयुक्त संचालकों और सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं. निर्देशों के अनुसार सहायक शिक्षक, शिक्षक, प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापक तथा नवीन शिक्षक संवर्ग के पात्र कर्मचारियों की पदोन्नति नियमानुसार की जाएगी.
सामान्य प्रशासन विभाग के तय नियमों के तहत विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की बैठक आयोजित कर पूरी प्रक्रिया संपन्न की जाएगी. इसके बाद संबंधित जानकारी संचालनालय को भेजी जाएगी.
लंबे इंतजार के बाद जगी नई उम्मीद
लंबे समय से पदोन्नति नहीं होने के कारण शिक्षकों में असंतोष बना हुआ था. कई कर्मचारी अपने पूरे सेवाकाल में पदोन्नति का इंतजार करते रहे और उसी पद से सेवानिवृत्त हो गए, जिस पद पर उनकी नियुक्ति हुई थी. ऐसे में सरकार की इस पहल से वर्तमान में सेवा दे रहे शिक्षकों के बीच नई उम्मीद जगी है.
सेवानिवृत्त शिक्षकों के हित में भी उठी मांग
शिक्षकों का कहना है कि सरकार को उन कर्मचारियों के हितों पर भी विचार करना चाहिए, जो पदोन्नति का लाभ मिलने से पहले ही सेवानिवृत्त हो चुके हैं. उनका मानना है कि ऐसे शिक्षकों को भी आर्थिक और पेंशन से जुड़े लाभ देने के लिए उचित निर्णय लिया जाना चाहिए, ताकि वर्षों की सेवा का उन्हें पूरा सम्मान मिल सके.
ये भी पढे़ं- CM मोहन यादव ने पदोन्नतियों की रिपोर्ट तलब की, GAD ने सभी विभागों को जानकारी अपलोड करने के आदेश जारी किए