Morena: सड़क निर्माण की मांग पर अनशन कर रहे नवनीत तोमर की गिरफ्तारी, भड़का जनाक्रोश, ग्रामीणों और युवाओं ने संभाला मोर्चा
अनशन पर बैठे ग्रामीण
रिपोर्ट – मनोज शर्मा
Morena News: मुरैना की दिमनी विधानसभा क्षेत्र के जौहां हवेली निवासी नवनीत तोमर को सड़क निर्माण की मांग को लेकर चल रहे अनिश्चितकालीन अनशन के दौरान पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया. नवनीत तोमर पिछले चार दिनों से श्यामपुर खुर्द–जौहां मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर अन्न-जल त्यागकर शांतिपूर्ण धरने पर बैठे हुए थे.
उपचार के नाम पर अस्पताल, फिर भेजा जेल
बताया जा रहा है कि शुक्रवार देर शाम अंबाह एसडीओपी रवि भदौरिया के नेतृत्व में पुलिस बल धरना स्थल पर पहुंचा. इसके बाद नवनीत तोमर को उपचार के नाम पर एम्बुलेंस से अंबाह अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया. इसके उपरांत पुलिस ने शांति भंग की आशंका के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें अंबाह जेल भेज दिया.
गिरफ्तारी के बाद ग्रामीणों और युवाओं में आक्रोश
नवनीत तोमर की गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही क्षेत्र के युवाओं और ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई. बड़ी संख्या में लोग धरना स्थल पर पहुंच गए और सड़क निर्माण की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उनकी मांग पूरी तरह जनहित से जुड़ी है और वर्षों से खराब सड़क के कारण क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
सड़क निर्माण और कार्रवाई पर पुनर्विचार की मांग
धरने पर बैठे ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क निर्माण का कार्य शीघ्र शुरू कराया जाए तथा नवनीत तोमर के खिलाफ की गई कार्रवाई पर पुनर्विचार किया जाए. फिलहाल क्षेत्र में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है और स्थिति पर प्रशासन की नजर बनी हुई है.
ये भी पढे़ं- ‘मरता है तो मरने दो’, सड़क के लिए आमरण अनशन, नवनीत तोमर को लेकर सांसद पर आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप