सिवनी में शिक्षक दंपती के जले हुए शव मिले, 2 दिनों से बंद पड़े घर में बेड पर मिला कंकाल; DNA से होगी शिनाख्त

अभी तक ये स्पष्ट नहीं हो सका है कि आग लगने से दोनों की मौत हुई है या फिर किसी साजिश के तहत वारदात को अंजाम दिया गया है. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है. फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है.
Representative image.

सांकेतिक तस्वीर.

MP News: मध्य प्रदेश के सिवनी में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां बंद पड़े घर में टीचर दंपती के जले हुए शव मिले हैं. घर के अंदर दोनों के पूरी तरह जले हुए शरीर मिले हैं. दोनों के कंकाल बेड पर पड़े मिले. घर का पूरा सामान भी जलकर खाक हो चुका था. दो दिनों से बंद पड़े घर में जब कई बार कॉल करने के बाद भी रिसीव नहीं हुआ तो आसपास के लोगों ने घर जाकर देखा. इसके बाद जो लोगों ने देखा, वो हैरान रह गए.

दंपती का जला हुआ कंकाल बेड पर पड़ा मिला

पूरा मामला उगली थाना क्षेत्र के उगली ग्राम का है. यहां टीचर दंपति समन सिंह धुर्वे और मालती धुर्वे रहते थे. समन सिंह की पोस्टिंग मोहबर्रा के दामीझोला में थी, वहीं मालती धुर्वे केवलारी के कुम्हड़ा गांव में पदस्थ थीं. दोनों के बच्चे बाहर पढ़ाई करते हैं. इसलिए केवल शिक्षक दंपती ही घर पर रहते थे.

स्थानीय लोगों का कहना है कि शिक्षक दंपती मिलनसार थे और आसपास के लोगों से अच्छा व्यवहार था. लेकिन पिछले दो दिनों से घर से नहीं निकले थे. जब लोगों ने कॉल किया तो किसी ने कॉल भी नहीं उठाया. इसके जब घर जाकर देखा तो दरवाजा अंदर से लॉक था. काफी आवाज देने के बाद भी किसी ने रिस्पॉन्स नहीं किया तो दरवाजा तोड़कर लोग अंदर दाखिल हुए. घर में टीवी, फ्रिज और कूल जला पड़ा था. वहीं दंपती का जला हुआ कंकाल बेड पर पड़ा हुआ था. जिसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी.

DNA से होगी शिनाख्त, बच्चों को बुलाया गया

वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. शव इतनी बुरी तरह से जल गया था कि उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी थी. पुलिस का कहना है कि शिनाख्त के लिए डीएनए टेस्ट करवाया जाएगा. दंपती के बच्चों को सूचना दे दी गई है, बच्चों के सैंपल भी लिए जाएंगे. हालांकि अभी तक ये स्पष्ट नहीं हो सका है कि आग लगने से दोनों की मौत हुई है या फिर किसी साजिश के तहत वारदात को अंजाम दिया गया है. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है. फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है.

ये भी पढे़ं: Morena: सड़क निर्माण की मांग पर अनशन कर रहे नवनीत तोमर की गिरफ्तारी, भड़का जनाक्रोश, ग्रामीणों और युवाओं ने संभाला मोर्चा

ज़रूर पढ़ें