शादी से पहले दूल्हे पर जानलेवा हमला, सिरफिरे आशिक ने दुल्हन के घर पर मचाया उत्पात; पीड़िता बोली- शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं
जबलपुर में युवती ने एसपी ऑफिस पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई है.
MP News: मध्य प्रदेश के जबलपुर में शादी से पहले युवती के सिरफिरे आशिक ने होने वाले दूल्हे पर जानलेवा हमला कर दिया. अपने साथियों के साथ मिलकर युवक के साथ जमकर मारपीट की. इतना ही नहीं युवती के घर पर पहुंचकर भी जमकर उपद्रव किया. युवती का कहना है कि जिससे उसकी शादी हो रही है, वो दो दिनों से कहीं मिल नहीं रहा है. तीन बार पुलिस से शिकायत की गई, लेकिन इसके बावजूद थाने पर सुनवाई नहीं हुई. जिसके बाद युवती ने एसपी ऑफिस पर आकर गुहार लगाई है.
‘जबरन संबंध बनाने का बना रहा है दबाव’
पूरा मामला गोरा बाजार थाना इलाके का है. यहां रहने वाली युवती महक रंगरेज ने बताया कि उसकी इलाके में रहने वाले आदित्य बेन से पुरानी जान-पहचान है. उसका निकाह रहीम खान से तय हुआ था. लेकिन निकाह की बात पता चलते हुए आदित्य बेन ने परेशान करना शुरू कर दिया. आरोपी जबरन संबंध रखने के लिए दबाव बनाने लगा. जब महक ने विरोध किया तो उसने रहीम खान पर जानलेवा हमला कर दिया और जमकर मारपीट की. आरोपी लगातार परेशान कर रहा है.
2 दिन से लापता है रहीम खान
महक ने बताया कि जिस रहीम खान से उसकी शादी तय हुई है. वो बहुत शरीफ है. उसका किसी के भी साथ लड़ाई-झगड़े का रिकॉर्ड नहीं है. ना उसने कभी किसी के साथ लड़ाई की है. 12 जुलाई को आरोपी आदित्य बेन ने लगभग 15 लड़कों के साथ रहीम खान पर हमला कर दिया. जिसमें उसको काफी चोटें आई हैं. किसी तरह भागकर उसने अपनी जान बचाई. लेकिन 2 दिनों से लापता है, उससे कोई संपर्क नहीं हो सका. किसी अनहोनी का डर है.
3 बार शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की
पीड़ित परिजनों ने बताया घटना के बाद से वो तीन बार थाने जाकर शिकायत कर चुकी है. लेकिन थाने पर कोई सुनवाई नहीं हुई. जिसके बाद एसपी कार्यालय आकर शिकायत की है. डीएसपी आकांक्षा उपाध्याय का कहना है कि पूरे मामले में जांच की जा रही है. जो भी तथ्य निकलकर सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी. साथ ही पीड़ितों ने थाने में कार्रवाई ना करने की बात कही है, उसकी भी जांच की जा रही है.