ऑनलाइन ठगी के खिलाफ सरकार ने ले लिया बड़ा एक्शन, हजारों ऐप और लाखों सिम हुई बंद
साइबर ठगी (File Image)
Government Action Against Cyber Fraud: देश में हर रोज लाखों लोग साइबर ठगी का शिकार होते हैं. इसके कारण लोगों को लाखों का नुकसान भी उठाना पड़ता है. यही वजह है कि लोग समय-समय पर लोग सरकार से इस तरीके के मामलों पर कार्रवाई करने की मांग किया करते हैं. अब सरकार ने भी तगड़ा एक्शन ले लिया है. सरकार ने अब तक 3,718 मोबाइल ऐप को ब्लॉक किया है.
सरकार ने जिन ऐप को ब्लॉक किया है. उनमें बड़ी संख्या ऐसे ऐप की है, जिनका इस्तेमाल फर्जी लोन देने, लोगों से पैसे ऐंठने और दूसरे तरह के साइबर फ्रॉड में किया जा रहा था. यह जानकारी केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार ने लोकसभा में दी है.
सरकार ने इस एक्शन पर क्या कहा?
सरकार के मुताबिक इन ऐप्स पर कार्रवाई भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र यानी I4C की मदद से की गई. इन्हें सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत ब्लॉक किया गया है. इसका मकसद ऐसे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रोक लगाना है, जिनके जरिए आम लोगों को आर्थिक नुकसान पहुंचाया जा सकता है.
सरकार की तरफ से बताया गया कि 30 जून 2026 तक अलग-अलग राज्यों की पुलिस से मिली जानकारी के आधार पर 15.75 लाख से ज्यादा सिम कार्ड बंद किए गए. इसके अलावा 5.77 लाख IMEI नंबर भी ब्लॉक किए गए हैं.
32.8 लाख लोगों से ठगी की कोशिश
सरकार की तरफ से यह भी बताया गया कि 30 जून 2026 तक इस तरह की 32.8 लाख से ज्यादा शिकायतें दर्ज हुईं. समय पर कार्रवाई के चलते 11,158 करोड़ रुपये से अधिक की रकम को ठगों के हाथों में जाने से बचाया गया.
इस पूरी व्यवस्था का उद्देश्य केवल ठगी के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि शिकायत मिलते ही संदिग्ध लेनदेन को रोकना और पीड़ितों की रकम बचाने की कोशिश करना है.
ये भी पढ़ें:जेल में प्रज्वल रेवन्ना के पास मिला फोन और पेन ड्राइव ,पूर्व पीएम देवगौड़ा के पोते की बढ़ सकती हैं मुश्किलें