Indore: भारत के सबसे साफ शहर को लगी कचरे की नजर! सफाई कर्मियों की हड़ताल से पसरी गंदगी, लोग हुए परेशान
इंदौर: नेहरू नगर में पसरी गंदगी
Indore News: भारत का सबसे स्वच्छ शहर इंदौर इन दिनों गंदगी से परेशान है. शहर की कई गलियां और मोहल्ले कचरे के अंबार से परेशान है. लोग बदबू से परेशान हैं. कई सारी दिक्क्तों का सामना करना पड़ रहा है. सफाई कर्मचारियों की पांच दिन की हड़ताल का आज दूसरा दिन है और इसका असर अब शहर की सफाई व्यवस्था पर साफ दिखाई देने लगा है.
नेहरू नगर में गंदगी जमावड़ा
नेहरू नगर इलाके में सड़कों और गलियों में जगह-जगह कचरा पड़ा नजर आ रहा है. कई जगह कचरे के ढेर लगे हैं, जिससे बदबू और गंदगी के कारण रहवासी परेशान हैं. एक-दो दिन की हड़ताल में ही जब हालात ऐसे दिखाई देने लगे हैं, तो पांच दिन तक सफाई व्यवस्था प्रभावित रहने पर स्थिति क्या होगी, यह सवाल खड़ा हो गया है.
हड़ताल पर 70 फीसदी कर्मी
नगर निगम में करीब 12 हजार 432 कर्मचारी हैं. संगठन का दावा है कि इनमें से करीब 70 प्रतिशत कर्मचारी हड़ताल पर हैं. नियमितीकरण, समान काम के लिए समान वेतन और अन्य मांगों को लेकर कर्मचारी पांच दिन के काम बंद आंदोलन पर हैं. हड़ताल के पहले दिन बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी निगम कार्यालय पहुंचे थे और करीब दो घंटे तक नारेबाजी कर प्रदर्शन किया.
महिला कर्मचारियों ने निगम गेट पर चूड़ियां फेंककर भी विरोध जताया. कर्मचारियों ने निगम आयुक्त से बातचीत कर मांगों पर ठोस निर्णय लेने की मांग की. इंदौर के एक इलाके की सड़क पर कचरे का ढेर लगा है जिसके पास संजीवनी क्लीनिक और स्कूल दोनों है अस्पताल के बाहर ये कचरा पड़ा हुआ है.
ये भी पढ़ें: खंडवा में बाइक चोर गिरोह का खुलासा, 61 मोटरसाइकिलें बरामद, एमपी और महाराष्ट्र तक फैला था नेटवर्क
अपनी मांग को लेकर हड़ताल
वाल्मीकि सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष इंजीनियर संतोष कल्याणे के आह्वान पर यह हड़ताल शुरू हुई है. कर्मचारियों का कहना है कि वे वर्षों से शहर को साफ रखने का काम कर रहे हैं, लेकिन उनकी मांगों का अब तक समाधान नहीं हुआ.