MP मेट्रो का दिवाली गिफ्ट! टिकट पर 35% तक की छूट, रिटर्न और ग्रुप टिकट पर भी बदले नियम
भोपाल मेट्रो
मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (MPMRCL) ने आगामी त्योहारों को देखते हुए बड़ा फैसला लिया है. मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड की तरफ से आपकी यात्रा और अधिक किफायती बनाने के लिए टिकटों पर विशेष प्रमोशनल डिस्काउंट देने का ऐलान किया गया है. इसके तहत मौजूदा छूट के आलवा 25 प्रतिशत अतिरिक्त छूट दी जाएगी. हालांकि 20 रुपये वाले टिकट पर यह छूट लागू नहीं होगी.
कब से कब तक लागू रहेगा ये नियम?
ये नई व्यवस्था 11 अक्टूबर से 31 दिसंबर तक प्रभावी रहेगी. नए नियम के मुताबिक, सिंगल जर्नी पर 25 प्रतिशत की छूट वहीं रिटर्न जर्नी पर पहले मिलने वाली 5% की छूट को बढ़ाकर 30 प्रतिशत कर दिया गया है. इतना ही नहीं सामूहिक रूप यानी कि ग्रुप टिकट से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए छूट को 10% से बढ़ाकर सीधे 35% कर दिया गया है.
डिजिटल टिकट खरीदने पर मिलेगी छूट
यदि यात्री डिजिटल माध्यमों (जैसे मेट्रो ऐप या ऑनलाइन) से टिकट बुक करते हैं, तो वे अधिकतम 44% तक का लाभ उठा सकते हैं. यात्री यूपीआई, क्यूआर कोड और ऐप के जरिए कैशलेस टिकट लेकर सुगम सफर कर सकते हैं. राहत की बात यह भी है कि ग्रुप टिकट के लिए न्यूनतम संख्या आठ से घटाकर मात्र दो यात्री कर दी गई है, जिससे दो लोग भी इसका लाभ उठा सकेंगे। पहले इसके लिए 8 लोगों का समूह होना जरूरी था.
क्यों लिया गया ये फैसला
इसका मुख्य उद्देश्य आगामी त्योहारों के सीजन में लोगों को सफर की बेहतर सुविधा देना और मेट्रो में यात्रियों की संख्या (Ridership) को बढ़ाना है. दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ जैसे त्योहारों के दौरान शहरों में ट्रैफिक और भीड़ काफी बढ़ जाती है. लोग निजी वाहनों के बजाय मेट्रो का रुख करें, इसलिए यह ‘प्रमोशनल डिस्काउंट’ (Promotional Discount) शुरू किया गया है.
ये भी पढे़ं- भोपाल: आयुष्मान भारत योजना में बड़ा फर्जीवाड़ा, 709 मरीजों के नाम पर निकाली रकम, जानें पूरा मामला