‘बेटे ने पहले ही कहा था गिरफ्तार हो सकता हूं…,’ दिपके के पिता बोले- अब देश में नहीं बचा लोकतंत्र
अभिजीत दिपके और उनके माता पिता
Abhijeet Dipke: दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके को पुलिस हिरासत में लिए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. बेटे के साथ हुई इस कार्रवाई से उनके माता-पिता नाराज हैं. उनका कहना है कि अभिजीत लोकतंत्र और देश के लिए अपनी आवाज उठा रहा था. लेकिन, उसे ही हिरासत में ले लिया गया. परिवार ने सरकार के रवैये पर सवाल उठाते हुए इस घटना पर दुख जताया है.
अभिजीत दिपके के पिता भगवान दिपके ने कहा कि उनका बेटा दिल्ली में विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए गया था. उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए आवाज उठाने वाले युवाओं को दबाया जा रहा है. आगे कहा कि देश में लोकतंत्र की स्थिति चिंताजनक होती जा रही है. इसके साथ ही यह सरकार विपक्षी दलों को खत्म करने की कोशिश कर रही हे.
भगवान दिपके ने कहा कि अभिजीत घर से निकलने से पहले ही बता गया था कि उसे गिरफ्तार किया जा सकता है. हालांकि, उन्होंने इस बात पर नाराजगी जताई कि उनके बेटे को विमान के दिल्ली पहुंचते ही हिरासत में ले लिया गया.
मां बोलीं- रोते हुए बेटे को विदा किया था
अभिजीत की मां अनीता दिपके भी बेटे को हिरासत में लिए जाने से बेहद दुखी हैं. उन्होंने कहा कि उन्हें पहले से आशंका थी कि दिल्ली में अभिजीत के साथ कुछ ऐसा हो सकता है. बेटे को विदा करते समय वह भावुक हो गई और रोते हुए उसे घर से भेजा था. अनीता ने बताया कि अभिजीत ने उन्हें समझाया था कि चिंता न करें और जो होगा, अच्छे के लिए होगा.
विमान से ही हिरासत में लिए गए दिपके
अभिजीत दिपके 10 अक्टूबर को मुंबई से दिल्ली पहुंचे थे, प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल होने से पहले ही दिल्ली पुलिस ने उन्हें विमान के भीतर हिरासत में ले लिया. उनके साथ CJP के अन्य नेताओं आशुतोष रांका और सौरव दास को भी हिरासत में लिया गया.
ये भी पढ़ें: अभिजीत के बाद अब कौन संभालेगा CJP का आंदोलन, खुद दिपके ने वीडियो जारी कर बताया नाम