‘देश को बंधक बनाने की कोशिश…,’ जंतर-मंतर प्रोटेस्ट को लेकर भड़की BJP

Jantar Mantar Protest: सांसद संबित पात्रा ने कहा कि आज मैं आपको कह सकता हूं कि आज अराजक तत्वों का जो फेल कार्यक्रम हम देख रहे हैं, वो पूरी तरह से ध्वस्त हो चुका है. यह कोशिश थी कि भारत को बंधक बनाया जाए, राजधानी को बंधक बनाया जाए, कोशिश थी कि यहां आगजनी और मारपीट हो, यहां सड़कों पर लड़ाई हो मगर आज भीड़तंत्र पर लोकतंत्र की जीत हुई है.
Nitin Nabin

नितिन नवीन (File Photo)

BJP On Jantar Mantar Protest: देश की राजधानी दिल्ली में हो रहे प्रदर्शन को लेकर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने नाराजगी जाहिर करते हुए जमकर निशाना साधा है. भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस समेत इंडिया गठबंधन को लेकर कहा कि चुनाव में लगातार हार से हताश राहुल गांधी का ‘INDI गठबंधन’ और CJP की आड़ में अरविंद केजरीवाल, विदेशी ताकतों के साथ मिलकर देश को अस्थिर करने की होड़ में लगे हैं. भारत के लोकतंत्र और जनादेश का यह अपमान देश देख रहा है. मैं आज आपको चेतावनी देता हूं कि भाजपा और देश की राष्ट्रभक्त जनता इन अराजकतावादी ताकतों को करारा जवाब देगी. वहीं, प्रवक्ता संबित पात्रा ने भी विपक्ष पर जमकर हमला बोला है.

नितिन नवीन ने विपक्ष को लेकर कहा, “तनाव भड़काने की आपकी कोशिशों से भारत सरकार सख्ती से निपटेगी और बीजेपी कार्यकर्ता, जो लगातार लोगों के बीच रहते हैं, आपकी साजिशों को नाकाम कर देंगे. पीएम मोदी को 140 करोड़ नागरिकों का भरोसा हासिल है, इसलिए हम लोगों को भरोसा दिलाते हैं कि हम देश के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं. हम यह सुनिश्चित करेंगे कि देश शांति और समृद्धि के साथ आगे बढ़े.

राहुल के इरादे को कामयाब नहीं होने देंगेः नवीन

नितिन नवीन बोले कि पिछले 12 सालों में, प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हमने देश को डर के माहौल से बाहर निकाला है और आतंकवाद और नक्सलवाद को जड़ से खत्म करने की कोशिश की है. फिर भी, ‘अर्बन नक्सल’ सोच वाले कुछ लोग अभी भी हैं जो देश को अस्थिर करने पर तुले हुए हैं. राहुल गांधी, आपके इरादे कभी कामयाब नहीं होंगे. भारत के युवा राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल, ‘INDI अलायंस’ के सदस्यों और CJP के तथाकथित युवा नेतृत्व की भाषा को देख रहे हैं.

भारत शांत हैः संबित पात्रा

दिल्ली में हो रहे प्रदर्शन को लेकर भाजपा के प्रवक्ता और सांसद संबित पात्रा ने प्रेसवार्ता आयोजित करते हुए कहा, “जंतर-मंतर पर जो हो रहा है, टीवी पर जो दिख रहा है और सोशल मीडिया के कुछ हैंडल पर जंतर-मंतर को दिखाया जा रहा है, वो भारत की कहानी नहीं है. भारत शांत है, भारत सुशासन के साथ आगे बढ़ रहा है. मगर दिल्ली के एक कोने में कुछ अराजक तत्व जिस तरह से अराजकता कर रहे हैं, वो कुछ दिनों से हम देख रहे हैं.”

ये भी पढे़ंः दिल्ली में प्रोटेस्ट के बीच अभिजीत दिपके की दादी का निधन, हिरासत में हैं CJP फाउंडर, क्या होगी रिहाई?

भारत को बंधक बनाने की कोशिशः संबित पात्रा

उन्होंने आगे कहा कि आज मैं आपको कह सकता हूं कि आज अराजक तत्वों का जो फेल कार्यक्रम हम देख रहे हैं, वो पूरी तरह से ध्वस्त हो चुका है. यह कोशिश थी कि भारत को बंधक बनाया जाए, राजधानी को बंधक बनाया जाए, कोशिश थी कि यहां आगजनी और मारपीट हो, यहां सड़कों पर लड़ाई हो मगर आज भीड़तंत्र पर लोकतंत्र की जीत हुई है. जिस तरह लोकतंत्र ने आज दिल्ली में प्रदर्शन किया है और जिस तरह से सारा विषय कंट्रोल में हैं, मैं यह दोहराना चाहता हूं कि अराजकतावादी विफल हो गए और उनका यह कार्यक्रम नहीं चलने वाला है.

ज़रूर पढ़ें