‘परिवार के साथ चार्ट बनाएं…’, जल संकट पर कैलाश विजयवर्गीय का संदेश, बोले- पानी की बचत आज की आवश्यकता

Kailash Vijayvargiya Water Crisis Message: कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने वीडियो जारी करके पानी की बचत का संदेश दिया है. उन्होंने कहा कि आने वाली गर्मी में संभावना है कि जल संकट होगा. हमें अपनी तैयारी अभी से करना होगा. कम पानी में कैसे जीवन व्यतीत हो सकता है, परिवार के साथ बैठकर चार्ट बनाइए. उस चार्ट के अनुरूप पूरा परिवार काम करे.
Cabinet Minister Kailash Vijayvargiya

कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय

Water Crisis Saving Need: मध्य प्रदेश के इंदौर में जल संकट की आहट सुनाई देने लगी है. मानसून की विदाई के कुछ दिनों बाद ही पानी की उपलब्धता को लेकर समस्या खड़ी हो गई है. यशवंत सागर समेत दूसरे जलाशयों में जलस्तर क्षमता से कम हो गया है. 40 लाख लोगों के लिए जलापूर्ति बड़ी बात बन गई है. इंदौर के साथ-साथ मालवा-निमाड़ में भी कम बारिश दर्ज की गई है. कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने जल संकट से निपटने के लिए संदेश दिया है.

‘हमें अपनी तैयारी अभी से करना होगी’

इंदौर के पितृ पर्वत पर कैलाश विजयवर्गीय ने वीडियो बनाया. इसमें उन्होंने कहा कि मेरे पास पानी का एक गिलास है. ये पानी का गिलास इसलिए रखा है क्योंकि पानी की कीमत, पानी के मूल्य को हमें समझना होगा. इस बार इंद्र देवता की कृपा कम हुई है. हमारे यहां 37 से 40 इंच बारिश होती है. इस बार पूरे मालवा निमाड़ में औसत 20 से 21 इंच बारिश हुई है. आने वाली गर्मी में संभावना है कि जल संकट होगा. हमें अपनी तैयारी अभी से करना होगा.

‘पानी की बचत आज की आवश्यकता’

पानी की बचत को लेकर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि नवरात्रि में माता जी के सामने सब मंडल संकल्प लें कि हम पानी बचाएंगे. हर घर में आरओ होता है. इससे निकलने वाले वेस्ट वाटर से पोछा लगाने का काम कर सकते हैं. हर घर में वॉटर टैंक होता है. कई बार टंकी से पानी ओवरफ्लो होकर बहता है. करीब 20-25 लीटर पानी बह जाता है. इससे निपटने के लिए अलार्म लगाना चाहिए. शॉवर से नहाने में 200 लीटर पानी लगता है, वहीं बाल्टी से नहाने में 25-30 लीटर पानी से नहा सकते हैं. महिलाएं बर्तन धोती हैं, नल खुला छोड़ देती हैं. बाल्टी में पानी लें और धोते जाएं. कपड़े धोने में भी हम ऐसा ही करते हैं. पानी की बचत आज की आवश्यकता है. आज बचत की तो कल अच्छा होगा.

ये भी पढ़ें: त्योहारों पर यात्रियों को रेलवे की सौगात! इंदौर-जोधपुर समेत 6 ट्रेनों में लगाए जाएंगे अतिरिक्त कोच

‘परिवार के साथ बैठकर चार्ट बनाएं’

पानी की बर्बादी ना हो इसके लिए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि कम पानी में कैसे जीवन व्यतीत हो सकता है, परिवार के साथ बैठकर चार्ट बनाइए. उस चार्ट के अनुरूप पूरा परिवार काम करे. किसी भी प्रकार से पानी का अव्यय ना हो, इसके लिए माता जी के सामने इस बात का संकल्प लेंगे.

ज़रूर पढ़ें