CG News: रायपुर-मुंबई रूट पर बढ़ी कनेक्टिविटी, 1 मई से शुरू होगी इंडिगो की नई फ्लाइट, जारी हुआ शेड्यूल
IndiGo फ्लाइट(File Photo)
CG News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से मुंबई जाने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है. 1 मई से इंडिगो इस रूट पर एक नई फ्लाइट शुरू करने जा रही है. इसके शुरू होने के बाद रायपुर और मुंबई के बीच उड़ानों की संख्या बढ़कर चार हो जाएगी. नई फ्लाइट दोपहर 12:30 बजे मुंबई से उड़ान भरकर 2:25 बजे रायपुर पहुंचेगी और फिर 2:55 बजे रायपुर से रवाना होकर 4:35 बजे मुंबई पहुंचेगी.
फ्लाइटों की संख्या बढ़ने से यात्रियों को राहत
ट्रैवल संचालकों के अनुसार, अभी तक इस रूट पर तीन फ्लाइटें संचालित हो रही थीं, जिनमें पहली सुबह 9 बजे, दूसरी दोपहर 2:25 बजे और तीसरी रात 9:30 बजे रायपुर पहुंचती है. अब एक और फ्लाइट जुड़ने से यात्रियों को समय के विकल्प ज्यादा मिलेंगे और सफर आसान होगा.
जयपुर रूट की फ्लाइट फिलहाल बंद
वहीं, दूसरी ओर इंडिगो द्वारा रायपुर से हैदराबाद होते हुए जयपुर जाने वाली फ्लाइट को फिलहाल बंद कर दिया गया है. हालांकि हैदराबाद से जयपुर के लिए उड़ानें जारी हैं और जयपुर से मुंबई के रास्ते रायपुर आने का विकल्प भी उपलब्ध है, लेकिन रायपुर से जयपुर के लिए टिकट बुकिंग अगली सूचना तक रोक दी गई है. बताया जा रहा है कि शेड्यूल से जुड़ी दिक्कतों के कारण यह निर्णय लिया गया है. गौरतलब है कि यह सेवा 23 मार्च को शुरू हुई थी, लेकिन महज दो दिन बाद ही इसे बंद करना पड़ा.
एयरपोर्ट पर EV चार्जिंग स्टेशन की शुरुआत
इसी बीच रायपुर एयरपोर्ट पर सुविधाओं का विस्तार करते हुए इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग स्टेशन भी शुरू कर दिया गया है. अडाणी समूह द्वारा स्थापित इस स्टेशन का उद्घाटन कार्यवाहक एयरपोर्ट डायरेक्टर के. के. लहरे ने किया. 60 किलोवाट क्षमता वाला यह चार्जर CCS Type-2 कनेक्टर से लैस है, जिससे ईवी वाहनों को तेजी से चार्ज किया जा सकेगा. इस सुविधा से एयरपोर्ट आने-जाने वाले इलेक्ट्रिक वाहन उपयोगकर्ताओं को सहूलियत मिलेगी और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन को बढ़ावा मिलेगा.
ये भी पढे़ं- छत्तीसगढ़ में ड्रिंक एंड ड्राइव पर सख्ती, अब गंध से ही पकड़े जाएंगे चालक, सड़कों पर उतरेगी स्मार्ट पुलिस