Vistaar Shiksha Samman: डेडलाइन के पहले खत्म हुआ बस्‍तर से नक्सलवाद, किरण सिंह देव बोले- लोगों को मिल रहा सरकार की योजनाओं का लाभ

Vistaar Shiksha Samman: किरण सिंह देव ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जो डेडलाइन दी थी, उसके अनुसार 31 मार्च से पहले बस्तर को नक्सलवाद मुक्त बनाने का लक्ष्य पूरा हुआ है.
BJP President Kiran Singh Deo

भाजपा अध्‍यक्ष किरण सिंह देव

Vistaar Shiksha Samman: छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में आयोजित विस्‍तार शिक्षा सम्मान 2026 में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जो डेडलाइन दी थी, उसके अनुसार 31 मार्च से पहले बस्तर को नक्सलवाद मुक्त बनाने का लक्ष्य पूरा हुआ है. उन्होंने कहा कि अब बस्तर के लोगों तक सरकार की योजनाएं, कार्यक्रम और सभी सुविधाएं आसानी से पहुंच रही हैं.

नक्सलवाद खत्म होने के बाद बदली बस्तर की तस्वीर

किरण सिंह देव ने कहा कि नक्सलवाद खत्म होने के बाद क्षेत्र के बच्चों के लिए नए अवसर खुले हैं. पहले बस्तर के कई बच्चों ने बाहरी दुनिया तक नहीं देखी थी, लेकिन अब उन्हें सरकार की योजनाओं का लाभ मिल रहा है. उन्होंने बताया कि बस्तर ओलंपिक इसका जीवंत उदाहरण है. पहले इस प्रतियोगिता में 66 हजार प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था, जबकि अब यह संख्या बढ़कर 3 लाख तक पहुंच गई है.

बस्तर पंडुम ने जनजातीय संस्कृति को दिया नया मंच

उन्होंने कहा कि बस्तर पंडुम के माध्यम से बस्तर की सभी जनजातियों की संस्कृति, खान-पान, भाषा, रहन-सहन और पारंपरिक पहनावे को एक मंच मिला है. इस आयोजन में क्षेत्र के निवासी और बच्चों ने बढ़-चढ़कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. उन्होंने कहा कि नक्सलवाद से मुक्त होने के बाद केवल तीन महीने के भीतर इस तरह के आयोजन होना अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है.

योजनाओं से गांवों में पहुंचेंगी मूलभूत सुविधाएं

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने‘मोर गांव, मोर पानी, मोर तरिया’ महाअभियान की शुरुआत की. इस महाअभियान के माध्यम से गांवों में पेयजल, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है. इसके लिए केंद्र सरकार और राज्य सरकार मिलकर लगातार प्रयास कर रही हैं.

नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास और शिक्षा पर विशेष फोकस

उन्होंने कहा कि सरकार की नीति है कि जो क्षेत्र पहले नक्सल प्रभावित थे, वहां विकास कार्य तेजी से पहुंचें. सरकार शिक्षा के क्षेत्र में बच्चों को बेहतर अवसर देने के साथ-साथ उन्हें रोजगार उपलब्ध कराने पर भी विशेष ध्यान दे रही है, ताकि वे मुख्यधारा से जुड़ सकें.

महिला सशक्तिकरण और रोजगार को मिल रहा बढ़ावा

किरण सिंह देव ने बताया कि जगदलपुर के नेतानार गांव में 20 बच्चियों को सिलाई मशीनें उपलब्ध कराई गईं और उन्हें प्रशिक्षण भी दिया गया. इसके बाद गांव की 20 अन्य बच्चियों ने भी इस पहल में भाग लिया. उन्होंने कहा कि सरकार महिला सशक्तिकरण और रोजगार के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं और युवतियों को आत्मनिर्भर बनाया जा सके.

ये भी पढे़ं- Vistaar Shiksha Samman: स्वास्थ्य, शिक्षा और नक्सलवाद पर बोले श्याम बिहारी जायसवाल, बस्तर के लिए बताया बड़ा प्लान

ज़रूर पढ़ें