Kondagaon: पटवारी की नौकरी दिलाने के नाम पर 6.50 लाख की ठगी, कांग्रेस जिला महामंत्री रितेश पटेल गिरफ्तार

Kondagaon: छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में कांग्रेस कमेटी के जिला महामंत्री रितेश पटेल को सिटी कोतवाली पुलिस ने पटवारी पद पर नौकरी दिलाने के नाम पर कथित रूप से 6 लाख 50 हजार रुपये की ठगी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है.
CG News

कांग्रेस जिला महामंत्री रितेश पटेल गिरफ्तार

नीरज उपाध्याय (कोंडागांव)

Kondagaon: छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में कांग्रेस कमेटी के जिला महामंत्री रितेश पटेल को सिटी कोतवाली पुलिस ने पटवारी पद पर नौकरी दिलाने के नाम पर कथित रूप से 6 लाख 50 हजार रुपये की ठगी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई ग्राम गिरोला निवासी अभिराम सोरी की शिकायत के आधार पर की गई है.

पटवारी की नौकरी दिलाने के नाम पर 6.50 लाख की ठगी

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, अभिराम सोरी वर्ष 2017 में पटवारी भर्ती की तैयारी कर रहे थे. इसी दौरान उनकी पहचान ग्राम बफना निवासी रितेश पटेल से हुई. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि रितेश पटेल ने अपने प्रभाव और ऊंचे संपर्कों का हवाला देते हुए अभिराम को पटवारी की नौकरी दिलाने का भरोसा दिया और इसके एवज में 6.50 लाख रुपये की मांग की. अभिराम सोरी ने पुलिस को बताया कि बेहतर भविष्य और नौकरी की उम्मीद में उन्होंने कठिन परिस्थितियों में उधार लेकर यह राशि रितेश पटेल को दी थी, लेकिन लंबे समय तक न तो नौकरी मिली और न ही रकम वापस की गई.

कई बार दिए चेक, हर बार हुए बाउंस

शिकायतकर्ता के अनुसार, जब उन्होंने अपनी राशि वापस मांगी तो रितेश पटेल ने उन्हें आईडीबीआई बैंक के 3 से 4 चेक दिए, लेकिन खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने के कारण सभी चेक बाउंस हो गए. इसके बाद भी आरोपी लगातार उन्हें टालता रहा. आवेदन में अभिराम सोरी ने कहा है कि इस घटना से उन्हें आर्थिक, मानसिक और भावनात्मक रूप से भारी नुकसान हुआ है. उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की थी.

ये भी पढ़ें- चिल्फी घाटी में एक फिर लगा जाम, छत्तीसगढ़-मध्यप्रदेश का संपर्क हुआ बाधित, वाहनों की लगी कतार

धारा 420 के तहत अपराध दर्ज

मामले की जांच के बाद सिटी कोतवाली कोंडागांव पुलिस ने प्रथम दृष्टया धोखाधड़ी के तथ्य पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ धारा 420 (धोखाधड़ी) के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई शुरू की. विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने रितेश पटेल को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. वहीं, इस गिरफ्तारी के बाद जिले के राजनीतिक गलियारों में भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है.

ज़रूर पढ़ें