Baloda Bazar: बलौदाबाजार के तेल गोदाम में लगी भीषण आग, करोड़ों का सामान जलकर राख, इलाके में मची अफरा-तफरी
तेल गोदाम में लगी भीषण आग
Baloda Bazar: बलौदाबाजार जिले के लवन रोड स्थित दीपल ट्रेडर्स के तेल गोदाम में देर रात भीषण आग लग गई. आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया. घटना में करोड़ों रुपए का किराना सामान जलकर राख हो गया. आग पर काबू पाने के लिए दमकल की कई गाड़ियां लगातार प्रयास कर रही हैं. वहीं इस हादसे के बाद इलाके में भी अफरा-तफरी मच गई.
तेल गोदाम में लगी भीषण आग
जानकारी के मुताबिक गोदाम में बड़ी मात्रा में तेल, घी के पीपे और अन्य किराना सामान रखा हुआ था. आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट के चलते आग लगी, जिसके बाद ज्वलनशील सामान होने की वजह से आग तेजी से फैल गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग का धुआं काफी दूर से देखा जा सकता था. आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के सीमेंट संयंत्रों से भी फायर ब्रिगेड की मदद ली गई. वहीं रायपुर से भी अतिरिक्त फायर ब्रिगेड टीम बुलाने की प्रक्रिया शुरू की गई.
करोड़ों का सामान जलकर राख
दुकान मालिक के मुताबिक, रात करीब 9 बजे दुकान और गोदाम बंद कर घर चले गए थे. देर रात करीब 3 से 4 बजे के बीच उन्हें सूचना मिली कि गोदाम में आग लग गई है. उन्होंने बताया कि जब तक वे मौके पर पहुंचे, तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी और गोदाम में रखा लगभग पूरा सामान जल चुका था. वहीं करोड़ों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है.
ये भी पढ़ें- CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का कहर, अगले तीन दिन लू का अलर्ट जारी, बिलासपुर सबसे गर्म
पुलिस भी जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी गई है. फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है.