दुर्ग में नकली सोना बेचकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़! 5 आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग में नकली सोना बेचकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़
Durg News: दुर्ग पुलिस ने नकली सोने के बिस्किट बेचकर लोगों को ठगने वाले एक अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपी जमीन में दबे खजाने और हंडे में मिले सोने की कहानी गढ़कर लोगों को झांसे में लेते थे और नकली धातु को असली सोना बताकर सस्ते दाम में बेचने का लालच देकर लाखों रुपये की ठगी करते थे. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में नकली सोने के बिस्किट, सिक्का, कार, मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्य सामग्री बरामद की है.
झूठी कहानी बताकर लोगों को फंसाते थे
वहीं, एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि बोरसी निवासी जितेंद्र साहू की शिकायत पर थाना उतई में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी. जांच के दौरान पता चला कि आरोपी संगठित तरीके से लोगों को विश्वास दिलाते थे कि उन्हें जमीन में गड़ा हुआ हंडा मिला है, जिसमें सोने के बिस्किट और सिक्के मिले हैं. इसके बाद वे नकली धातु को असली सोना बताकर बाजार मूल्य से बेहद कम कीमत में बेचने का प्रस्ताव देते थे. लालच में आकर कई लोग इनके जाल में फंस जाते थे.
आरोपियों के पास से मोबाइल समेत कई सामग्री बरामद
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, भौतिक साक्ष्य और लगातार निगरानी के आधार पर अलग-अलग जिलों में दबिश देकर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपियों में दुर्ग, कोरबा, कबीरधाम और मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिले के निवासी शामिल हैं. पुलिस ने आरोपियों से करीब 1 किलो 242 ग्राम वजन के सोने जैसे दिखने वाले नकली धातु के बिस्किट, एक नकली सिक्का, घटना में प्रयुक्त वैगनआर कार, मोबाइल फोन और अन्य सामग्री जब्त की है.
ये भी पढ़ें: दुर्ग: डोनर की तलाश में पिता उधर बेटी की थम गई सांसे, अस्पताल में था 85 यूनिट ब्लड फिर भी खून की कमी से गई जान
पुलिस ने लोगों को दी हिदायत
पुलिस की प्रारंभिक जांच में आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी ऐसे मामलों की जानकारी मिली है. उन्होंने ने लोगों से अपील की है कि सस्ते दाम पर सोना या अन्य कीमती वस्तु बेचने का लालच देने वालों से सावधान रहें और किसी भी लेन-देन से पहले उसकी पूरी तरह जांच-पड़ताल जरूर करें.