Durg: सिबिल स्कोर बढ़ाने का लालच देकर 40 से ज्यादा स्टूडेंट्स से 40 लाख की ठगी, एक आरोपी गिरफ्तार, दो फरार
पद्मनाभपुर पुलिस स्टेशन, दुर्ग
Durg News: दुर्ग जिले में युवाओं और छात्रों को क्रेडिट रिकॉर्ड सुधारने तथा कमीशन कमाने का लालच देकर बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है. शातिर गिरोह ने 40 से अधिक छात्रों को अपने जाल में फंसाकर उनके नाम पर महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामान फाइनेंस कराया और करीब 35 से 40 लाख रुपए की ठगी कर फरार हो गया. मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी ऋषभ शर्मा, अनिरुद्ध सिंह और दीपक (दीपेश) जोशी के खिलाफ अपराध दर्ज किया है. इनमें से दीपक जोशी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है.
क्या है पूरा मामला?
वहीं, एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि पीड़ित हिमांशु देवांगन और उनके साथियों ने पद्मनाभपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत के अनुसार आरोपियों ने छात्रों को भरोसा दिलाया कि ईएमआई पर सामान लेने से उनका सिबिल स्कोर बेहतर होगा. साथ ही कहा गया कि छात्रों को अपनी जेब से कोई पैसा नहीं देना पड़ेगा, क्योंकि सभी ईएमआई आरोपी स्वयं जमा करेंगे.
ये भी पढ़ें: दुर्ग में ई-चालान को लेकर कांग्रेस ने किया प्रदर्शन, RTO ऑफिस का किया घेराव, हेल्पलाइन डेस्क शुरू करने की रखी मांग
छात्रों का दिया कमीशन का लालच
इसके अलावा प्रत्येक फाइनेंस पर 2 से 3 हजार रुपए कमीशन देने का भी लालच दिया गया. आरोपियों ने छात्रों के आधार कार्ड, पहचान पत्र और बैंक पासबुक का उपयोग कर विभिन्न फाइनेंस कंपनियों से टीवी, फ्रिज, एसी सहित अन्य महंगे सामान फाइनेंस करवा लिये. शुरुआत में कुछ किस्तें जमा कर और कमीशन देकर उन्होंने छात्रों का विश्वास जीत लिया, लेकिन अप्रैल माह के बाद आरोपियों ने ईएमआई भरना बंद कर दिया और फरार हो गए. इसके बाद फाइनेंस कंपनियों के रिकवरी एजेंट छात्रों के घर पहुंचकर भुगतान का दबाव बनाने लगे. पुलिस के अनुसार हिमांशु देवांगन से 92 हजार रुपए अलग से भी ठगे गए हैं. मामले की जांच जारी है.