Durg: टीचर पर बच्चों से मारपीट का आरोप, परिजनों ने की शिकायत, DEO ने दिए जांच के आदेश

Durg News: अभिभावकों ने प्रधान पाठिका पर बच्चों के साथ मारपीट, मानसिक प्रताड़ना और अपमानजनक व्यवहार करने के गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका आरोप है कि लंच टाइम में स्कूल के पीछे बैठे एक छात्र की कांटेदार डंडे से बेरहमी से पिटाई की गई.
Durg District Education Officer's Office

दुर्ग जिला शिक्षा अधिकारी दफ्तर

Durg News: दुर्ग जिले के पाटन स्थित एक प्राथमिक स्कूल की प्रधान पाठिका ममता शांडिल्य के खिलाफ ग्रामीणों और अभिभावकों का गुस्सा फूट पड़ा. बड़ी संख्या में अभिभावक और बच्चे बारिश के बीच जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचे और जमकर विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने प्रधान पाठिका को तत्काल पद से हटाने और बर्खास्त करने की मांग को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा.

परिजनों ने लगाया आरोप

दरअसल, अभिभावकों ने प्रधान पाठिका पर बच्चों के साथ मारपीट, मानसिक प्रताड़ना और अपमानजनक व्यवहार करने के गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका आरोप है कि लंच टाइम में स्कूल के पीछे बैठे एक छात्र की कांटेदार डंडे से बेरहमी से पिटाई की गई. वहीं कुछ अन्य छात्रों ने आरोप लगाया कि उनसे निजी काम कराए जाते हैं, चाय बनवाई जाती है और उनके शारीरिक बनावट, खासकर मोटापे को लेकर उनका मजाक उड़ाया जाता है.

ये भी पढ़ें: दुर्ग में 22वें दिन अतिथि शिक्षकों का प्रदर्शन, वेतन वृद्धि और स्थायी कर्मचारी का दर्जा देने की कर रहे मांग

जिला शिक्षा अधिकारी ने दिए जांच के आदेश

अभिभावकों का यह भी आरोप है कि विरोध करने पर उन्हें शिक्षिका द्वारा अपनी ऊंची पहुंच का डर दिखाया जाता है. शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों के मुताबिक, इससे पहले भी मार्च महीने में मारपीट, गाली-गलौज और जातिसूचक टिप्पणी को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी और शिक्षा मंत्री से शिकायत की गई थी. हालांकि जांच के बाद भी कोई सख्त कार्रवाई नहीं हुई. इस बार परिजनों ने 12 गंभीर बिंदुओं को लेकर शिकायत पत्र सौंपा है और चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे उग्र आंदोलन करेंगे. मामले में जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा ने जांच के आदेश दिए हैं. उन्होंने कहा कि जांच के बाद तथ्यों के आधार पर निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी.

ज़रूर पढ़ें