दुर्ग में TET पास शिक्षकों का हल्लाबोल, 33 जिलों से सैकड़ों टीचर पहुंचे धरना स्थल, ये है मांग
धरना स्थल पर पहुंच रहे शिक्षक
दुर्ग: छत्तीसगढ़ में टीईटी पास शिक्षकों की पदोन्नति में हो रही देरी को लेकर प्रदेशभर के शिक्षकों का गुस्सा अब सड़क पर दिखाई देने लगा है. पदोन्नति की मांग को लेकर आज 33 जिलों से सैकड़ों शिक्षक दुर्ग पहुंचे और धरना स्थल पर प्रदर्शन शुरू कर दिया. शिक्षकों का कहना है कि लंबे समय से पदोन्नति की मांग की जा रही है, लेकिन आश्वासन के बावजूद अब तक प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी है.
शिक्षकों का कहना है कि….
प्रदर्शन कर रहे शिक्षकों का कहना है कि पदोन्नति के लिए जरूरी सीआर समेत अन्य दस्तावेज भी जमा किए जा चुके हैं. इसके बावजूद विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है. शिक्षकों का आरोप है कि शिक्षा मंत्री की ओर से जल्द पदोन्नति का आश्वासन दिया गया था, लेकिन चार महीने से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी उन्हें इंतजार करना पड़ रहा है.शिक्षकों का दावा है कि प्रदेश में करीब 40 हजार टीईटी पास शिक्षक पदोन्नति की प्रक्रिया का इंतजार कर रहे हैं.
सरकार की देरी का सीधा असर
उनका कहना है कि सरकार की देरी का सीधा असर शिक्षकों के भविष्य और स्कूलों की व्यवस्था पर पड़ रहा है. प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांग जल्द पूरी नहीं हुई तो कल मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा. इसके बाद भी समाधान नहीं हुआ तो शिक्षक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की बात कह रहे हैं.
शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा…
वहीं, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि सरकार सभी की चिंता कर रही है और मामला विचाराधीन है. उन्होंने कहा कि फिलहाल विभाग के अधिकारी भर्ती प्रक्रिया में लगे हुए हैं. भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद शिक्षकों की पदोन्नति तत्काल की जाएगी.
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः CG News: लाइब्रेरी से घर लौट रही पुलिस कर्मी की बेटी पर एसिड अटैक, हायर सेंटर रेफर