CG News: पोती ने कर ली लव मैरिज तो परिवार को मिली बहिष्‍कार की धमकी, समाज के लोगों ने वसूले 55 हजार

CG News: गांव के एक 70 साल के बुजुर्ग सुखराम साहू का आरोप है कि उनकी पोती ने प्रेम विवाह किया था, इसके बाद से उन्‍हें और उनके परिवार को सामजिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा है.
The elderly arrived to lodge a complaint

बुजुर्ग शिकायत करने पहुंचे

CG News: छत्तीसगढ़ के खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में स्थित टोलगांव से एक बड़ा ही गंभीर और संवेदनशील मामला मामला सामने आया है. गांव के एक 70 साल के बुजुर्ग सुखराम साहू का आरोप है कि उनकी पोती ने प्रेम विवाह किया था, इसके बाद से उन्‍हें और उनके परिवार को सामजिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा है. इतना ही नहीं, उनका कथित तौर पर आरोप है कि समाज से बहिष्‍कार की धमकी देकर उनसे 55 हजार रुपये की राशि वसूली गई है और पूरे समाज काे भोज कराने के लिए भी दबाव बनाया गया है.

परिवार की युवती ने किया था प्रेम विवाह

पूरे मामले में सुखराम साहू ने कहा है कि उनके परिवार की एक युवती ने कुछ समय पहले अपनी मर्जी से प्रेम विवाह कर लिया था. इसके बाद गांव इस बात को सामाजिक मुद्दा बनाकर उनके परिवार के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी. आरोप है कि समाज से बहिष्‍कार की धमकी देते हुए उन पर आर्थिक दंड लगाया गया और 55 हजार रुपये की राशि वसूल ली गई. मामले में पीड़‍ित का कहना है कि इसके साथ ही पूरे समाज को भोजन कराने का भी दबाव बनाया गया और इसका पालन करने पर उन्‍हें मजबूर किया.

गांव वालों ने बनाया सामाजिक दबाव

सुखराम साहू ने बताया है कि उन पर सामाजिक दबाव बनाया गया और लगातार मिल रही धमकियों से उनकी पत्नी जमुना बाई गहरे सदमे में चली गई. उन्होंने बताया कि पत्नी पहले से ही अस्‍वस्‍थ होने के कारण उनकी तबीयत और बिगड़ गई, जिसके बाद उन्‍हें अस्‍पताल में भर्ती किया गया. लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. परिवार ने आरोप लगाया है कि इस पूरे घटनाक्रम में उनकी मानसिक और आर्थिक स्थित‍ि बुरी तरह से प्रभावित हुई. पीड़ि‍त सुखराम साहू ने आरोप लगाया है कि जब उनकी पत्नी और बहू गंभीर बीतारी के चलते रायपुर के अस्‍पताल में भर्ती थे, तब भी गांव के कुछ लोग उनसे पैसों की मांग करते रहे और उन पर मानसिक रूप से दबाव बनाते रहे.

आईजी और कलेक्टर कार्यालय में लगाई न्‍याय की गुहार

न्‍याय की मांग करते हुए सुखराम साहू ने खैरागढ़ थाना प्रभारी को मामले में लिखित शिकायत सौंपी है. उन्‍होंने शिकायत सौंपते हुए गांव के कुछ लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. उन्‍होंने राजनांदगांव के आईजी कार्यालय और खेरागढ़ कलेक्टर कार्यालय में भी आवेदन देकर मामले में निष्‍पक्ष जांच कराने की मांग की है. तपती धूप में न्‍याय की उम्मीद लिए कार्यालयों के चक्कर लगा रहे बुजुर्ग की पीड़ा अब चर्चा का विषय बन चुकी है. फिलहाल पुलिस और प्रशासन ने मामले में शिकायत के बाद जांच शुरू कर दी है, अब जांच के बाद ही आरोपों की पु‍ष्‍ट‍ि हो सकेगी.

ये भी पढे़ं- ’23 लाख का धान चूहे खा गए…’, समिति प्रबंधक ने कोर्ट में पेश की अजीब दलील, हाई कोर्ट ने खारिज कर दी याचिका

ज़रूर पढ़ें