Balodabazar: तुरतुरिया मंदिर में दर्शन करने गए 250 भक्त बाढ़ में फंसे, पुलिस की टीम ने किया रेस्क्यू, कंधे पर लादकर पार किया नदी

CG Balodabazar Rescue: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के प्रसिद्ध तुरतुरिया मंदिर में रविवार को दर्शन करने पहुंचे करीब 250 श्रद्धालु अचानक आई बाढ़ में फंस गए.
CG News

बाढ़ में फंसे लोगो का हुआ रेस्क्यू

CG Balodabazar Rescue: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के प्रसिद्ध तुरतुरिया मंदिर में रविवार को दर्शन करने पहुंचे करीब 250 श्रद्धालु अचानक आई बाढ़ में फंस गए. भंडारपुरी डुम्हा गांव के श्रद्धालु सुबह बालमदेही नदी पार कर माता के दर्शन के लिए पहुंचे थे. दोपहर के बाद तेज बारिश शुरू होने से नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया और नदी उफान पर आ गई. देखते ही देखते लौटने का रास्ता बंद हो गया और सभी श्रद्धालु मंदिर परिसर व आसपास के क्षेत्र में फंस गए. इससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

पुलिस ने बचाई 250 श्रद्धालुओं की जान

घटना की सूचना मिलते ही कसडोल थाना प्रभारी प्रवीण मिंज के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस जवानों ने अपनी जान जोखिम में डालकर बाढ़ के बीच श्रद्धालुओं तक पहुंच बनाई.

थाना प्रभारी प्रवीण मिंज ने जानकारी देते हुए कि सुबह जब श्रद्धालु मंदिर पहुंचे थे, तब नदी में पानी कम था, लेकिन लगातार बारिश होने से नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया. इसके बाद पुलिस ने तुरंत रेस्क्यू अभियान चलाया और सभी 250 श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. उन्होंने लोगों से अपील की कि बारिश के मौसम में नदी-नालों को पार करने से बचें और यात्रा पर निकलने से पहले मौसम की जानकारी जरूर लें.

कंधे पर लादकर पार किया नदी

स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं का कहना है कि दोपहर करीब 2:30 बजे ही नगर सेना को सूचना दे दी गई थी, लेकिन शाम 5 बजे तक उनकी टीम मौके पर नहीं पहुंची. इस बीच पुलिस ने अकेले ही सभी श्रद्धालुओं का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया.

ये भी पढ़ें- CG Weather: छत्तीसगढ़ में बारिश का रेड अलर्ट, 10 जिलों में IMD ने जारी की चेतावनी, जानें आपके शहर का हाल

लोगों का आरोप है कि अगर पुलिस समय पर नहीं पहुंचती, तो बड़ा हादसा हो सकता था. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नगर सेना की देरी पर नाराजगी जताई. उनका कहना है कि आपदा जैसी स्थिति में बचाव दल को तुरंत मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करनी चाहिए.