बीरगांव को 135 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, 110 करोड़ के नए कामों की घोषणा
रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को बीरगांव नगर निगम क्षेत्र को 135 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी. उन्होंने विभिन्न कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया. साथ ही क्षेत्र की जरूरतों को देखते हुए करीब 110 करोड़ रुपए के नए विकास कार्यों की घोषणा की. इनमें सबसे बड़ी घोषणा 82 करोड़ रुपए की लागत से सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) बनाने की है.
मुख्यमंत्री ने ओवरहेड टैंक और पाइपलाइन विस्तार के लिए 10 करोड़ रुपए, सड़क एवं नाली निर्माण के लिए 5 करोड़ तथा सरोरा में खेल मैदान के विकास के लिए 5 करोड़ रुपए देने की घोषणा की. विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त नालंदा परिसर बनाने 5 करोड़ रुपए दिए जाएंगे.
उन्होंने व्यास तालाब तिराहा से बीरगांव नाला और बुधवारी बाजार से नगर निगम कार्यालय तक स्ट्रीट लाइट लगाने की भी घोषणा की. इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रावांभाठा में विद्युतीकरण व मरम्मत, सर्व मांगलिक भवन और शासकीय महाविद्यालय में ई-लाइब्रेरी के लिए भी राशि स्वीकृत करने की घोषणा की गई. बीरगांव में छत्तीसगढ़ विद्युत मंडल का जोन कार्यालय शुरू करने की घोषणा भी मुख्यमंत्री ने की.
स्टेट कैपिटल रीजन में शामिल है बीरगांव
मुख्यमंत्री ने कहा कि रायपुर, दुर्ग-भिलाई और आसपास के क्षेत्रों को मिलाकर स्टेट कैपिटल रीजन विकसित किया जा रहा है, जिसमें बीरगांव भी शामिल है. इसके तहत क्षेत्र के सुनियोजित और दीर्घकालीन विकास का रोडमैप तैयार किया जाएगा. उन्होंने कहा कि बीरगांव औद्योगिक गतिविधियों और बढ़ती आबादी के कारण तेजी से विकसित हो रहा है. ऐसे में सड़क, पेयजल, स्वच्छता, सीवरेज और खेल सुविधाओं को मजबूत करना जरूरी है.
उन्होंने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में बीरगांव नगर निगम क्षेत्र को 160 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी जा चुकी है. बुधवार को लोकार्पित और भूमिपूजन किए गए कार्यों में नगर निगम के 94 करोड़ रुपए से अधिक और लोक निर्माण विभाग के 38 करोड़ रुपए से अधिक के काम शामिल हैं. नगरोत्थान योजना के तहत करीब 16 करोड़ रुपए के कार्यों का भी भूमिपूजन किया गया.
सात क्षेत्रों में सर्वे के बाद मिलेंगे पट्टे
बीरगांव के रावांभाठा, बंजारी नगर, शक्तिपारा, मठपारा, शीतलापारा, उरकुरा और मजदूर नगर सरोरा में सर्वे कराया जाएगा. सर्वे में पात्र पाए जाने वाले लोगों को नियमानुसार आवासीय पट्टे देने की घोषणा मुख्यमंत्री ने की. बीरगांव में मॉडल रजिस्ट्री कार्यालय बनाने की भी घोषणा की गई है.
हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों का गृह प्रवेश कराया. प्रधानमंत्री स्वनिधि, मुख्यमंत्री गृह निर्माण सम्मान और नोनी सुरक्षा योजना सहित विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को प्रोत्साहन राशि के डेमो चेक भी दिए. सफाई मित्रों और स्वच्छता दीदियों का सम्मान करते हुए मुख्यमंत्री ने उनके पैर धुलवाकर और तिलक लगाकर उनकी सेवाओं के प्रति आभार जताया. इस दौरान बीरगांव नगर निगम को दो नए अग्निशमन वाहन भी सौंपे गए. मुख्यमंत्री ने शासकीय महाविद्यालय परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत रुद्राक्ष का पौधा लगाया.
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि बीरगांव के लिए यह बड़ा अवसर है. उन्होंने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में नगर निगम क्षेत्र में 160 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्य स्वीकृत हुए हैं, जिनमें करीब 90 करोड़ रुपए के काम पूरे हो चुके हैं. उन्होंने आने वाले समय में भी अधोसंरचना और नागरिक सुविधाओं के विस्तार का सिलसिला जारी रहने की बात कही.
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः राज्यसभा सांसद फूलों देवी नेताम का Whatsapp हैक, हैकर्स ने मांगे 56 हजार रुपए