24 जून को छत्तीसगढ़ में ग्राम सभाओं का होगा आयोजन, आवास प्लस 2.0 की स्थायी प्रतीक्षा सूची सहित इन पर होगी चर्चा
ग्राम सभा
CG News: छत्तीसगढ़ में 24 जून को सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा. इस दौरान आवास प्लस 2.0 की स्थायी प्रतीक्षा सूची को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे. ग्राम सभाओं में पात्र हितग्राहियों की प्राथमिकता सूची तैयार की जाएगी और प्राप्त दावों और आपत्तियों का निराकरण किया जाएगा.
आवास प्लस 2.0 की स्थायी प्रतीक्षा सूची सहित इन पर होगी चर्चा
ग्राम सभा से अनुमोदन मिलने के बाद आवास योजना के लाभार्थियों की अंतिम सूची सॉफ्टवेयर पोर्टल पर अपलोड की जाएगी, जिससे पात्र परिवारों को योजना का लाभ सुनिश्चित किया जा सके. बैठक में पंचायतों के आय-व्यय का लेखा-जोखा, विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति और पंचायत संपत्तियों के संरक्षण एवं प्रबंधन की भी समीक्षा की जाएगी.
इसके अलावा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत रोजगार के दिनों को 100 से बढ़ाकर 125 दिन किए जाने संबंधी जानकारी दी जाएगी. साथ ही विकसित भारत ग्राम पंचायत (VBGP) मिशन सहित केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न ग्रामीण विकास योजनाओं की भी जानकारी ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जाएगी.
ग्रामीणों से सहभागिता के लिये अपील
प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों से ग्राम सभा में अधिक से अधिक ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित करने और ग्राम विकास से जुड़े निर्णयों में जनभागीदारी बढ़ाने की अपील की गई है.
ग्राम सभा में पिछली बैठकों में पारित प्रस्तावों की समीक्षा, पंचायतों के आय-व्यय का अनुमोदन, विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति, आवास प्लस 2.0 की प्रतीक्षा सूची और पंचायत संपत्तियों के प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी. इसके साथ ही पंचायत उन्नति सूचकांक 2.0 के परिणामों को भी ग्रामीणों के सामने पेश किया जायेगा.
ये भी पढ़ें: आचार संहिता उल्लंघन मामले में भूपेश बघेल को हाई कोर्ट से राहत नहीं, याचिका खारिज करने की अर्जी नामंजूर