CM विष्णुदेव साय ने कुलगाम आतंकी हमले को बताया कायराना हरकत, दोनों श्रमिकों के परिजनों को 20-20 लाख की मदद का ऐलान
सीएम विष्णुदेव साय
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जम्मू कश्मीर के कुलगाम में हुए आतंकी हमले को कायराना हरकत बताया है. इसके साथ ही छत्तीसगढ़ के मारे गए दोनों श्रमिकों के परिजनों के लिए आर्थिक सहायता का ऐलान किया है. सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट करके जानकारी दी कि आश्रित परिवारवालों को 20-20 लाख रुपये की मदद दी जाएगी.
कठोर शब्दों में निंदा की
सोशल मीडिया पोस्ट में सीएम साय ने लिखा कि दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में आतंकवादियों द्वारा छत्तीसगढ़ के हमारे श्रमिक भाइयों दीपक रात्रे एवं भूपेंद्र भैना की निर्मम हत्या अत्यंत पीड़ादायक और हृदय विदारक है. इस कायराना आतंकी हमले की मैं कठोर शब्दों में निंदा करता हूं.
दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में आतंकवादियों द्वारा छत्तीसगढ़ के हमारे श्रमिक भाइयों श्री दीपक रात्रे एवं श्री भूपेंद्र भैना की निर्मम हत्या अत्यंत पीड़ादायक और हृदय विदारक है। इस कायराना आतंकी हमले की मैं कठोर शब्दों में निंदा करता हूँ।
— Vishnu Deo Sai (@vishnudsai) August 1, 2026
इस दुःख की घड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार शोकाकुल…
उन्होंने पोस्ट में आगे लिखा कि इस दुख की घड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार शोकाकुल परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है. राज्य सरकार की ओर से दोनों दिवंगत श्रमिकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी. इसके साथ ही जम्मू कश्मीर सरकार से समन्वय के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया जा रहा है, ताकि परिवारों को हर संभव सहायता समय पर उपलब्ध कराई जा सके.
‘आतंकवाद के विरुद्ध पूरा देश एकजुट’
मुख्यमंत्री ने पोस्ट में लिखा कि ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को यह असहनीय दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं. आतंकवाद के विरुद्ध पूरा देश एकजुट है और इस जघन्य अपराध के दोषियों को उनके कृत्य का कठोर दंड अवश्य मिलेगा.