महादेव सट्टा एप के सरगना सौरभ चंद्राकर की 8 दिन की रिमांड मंजूर, दिल्ली मुख्यालय ले जाने की अनुमति

रायपुर. महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामले के मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं. सीबीआई की विशेष अदालत ने सौरभ चंद्राकर की आठ दिन की रिमांड मंजूर कर ली है.
saurabh chandrakar

सौरभ चंद्राकर

रायपुर. महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामले के मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं. सीबीआई की विशेष अदालत ने सौरभ चंद्राकर की आठ दिन की रिमांड मंजूर कर ली है. साथ ही उसे पूछताछ के लिए दिल्ली स्थित सीबीआई मुख्यालय ले जाने की अनुमति भी दे दी है. अब सीबीआई की टीम दिल्ली में उससे पूछताछ करेगी. माना जा रहा है कि पूछताछ के दौरान सट्टेबाजी के नेटवर्क, आर्थिक लेन-देन और इस पूरे कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं.

विदेश से भारत लाए जाने के बाद सौरभ चंद्राकर को सीबीआई ने अदालत में पेश किया था. इसके बाद जांच एजेंसी ने उसे अपनी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की. सौरभ की पेशी और उसे रायपुर लाने की प्रक्रिया को लेकर सुरक्षा व्यवस्था गोपनीय रखी गई. अब अदालत से आठ दिन की रिमांड और दिल्ली मुख्यालय ले जाने की अनुमति मिलने के बाद सीबीआई की जांच आगे बढ़ेगी.

ईडी भी कर सकती है पूछताछ

महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) भी मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच कर रहा है. सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के बाद ईडी का रायपुर जोनल कार्यालय भी सक्रिय है. सूत्रों के मुताबिक, ईडी सौरभ से पूछताछ के लिए अदालत में प्रोटेक्शन वारंट की प्रक्रिया अपनाने की तैयारी कर रहा है. इसके जरिए सीबीआई की हिरासत समाप्त होने के बाद उसे अपनी जांच में शामिल किया जा सकता है.

दुबई से संचालित किया सट्टेबाजी का नेटवर्क

छत्तीसगढ़ के भिलाई का रहने वाला सौरभ चंद्राकर पहले जूस की दुकान चलाता था. उसने अपने साथी रवि उप्पल के साथ वर्ष 2018 में सट्टेबाजी का कारोबार शुरू किया था. वर्ष 2019 में दुबई पहुंचने के बाद दोनों ने इस नेटवर्क का विस्तार किया. ईडी की जांच के मुताबिक, संयुक्त अरब अमीरात से ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए देशभर में यूजर और फ्रेंचाइजी यानी पैनल जोड़े गए. इसी नेटवर्क के माध्यम से बड़े पैमाने पर ऑनलाइन सट्टेबाजी का कारोबार संचालित किया जा रहा था.

शादी में 200 करोड़ खर्च करने का आरोप

सौरभ चंद्राकर की फरवरी 2023 में संयुक्त अरब अमीरात के रास अल खैमाह में हुई शादी भी जांच एजेंसियों के निशाने पर रही है. ईडी की जांच में इस समारोह पर करीब 200 करोड़ रुपये नकद खर्च किए जाने का आरोप सामने आया था. जांच एजेंसी के मुताबिक, परिवार के सदस्यों को नागपुर से संयुक्त अरब अमीरात ले जाने के लिए निजी विमान किराये पर लिए गए थे. वहीं, हवाला के जरिए इवेंट मैनेजमेंट कंपनी को 112 करोड़ रुपये दिए जाने और होटल बुकिंग के लिए 42 करोड़ रुपये नकद भुगतान किए जाने की बात भी जांच में सामने आई थी.

70 एफआईआर, 300 से अधिक गिरफ्तारियां

महादेव सट्टा एप मामले में अब तक करीब 70 एफआईआर दर्ज होने और 300 से अधिक लोगों की गिरफ्तारी का दावा किया गया है. जांच में सौरभ चंद्राकर, रवि उप्पल और अन्य सहयोगियों की कथित हिस्सेदारी को लेकर भी कई जानकारियां सामने आई हैं. अब सीबीआई की पूछताछ में नेटवर्क के संचालन, वित्तीय लेन-देन और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका को लेकर नए खुलासे होने की संभावना है.

ज़रूर पढ़ें